Advertisement

भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल को मिला टोक्यो ओलंपिक का टिकट, नीरज चोपड़ा के बाद दूसरे भारतीय

भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल सिंह ने दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही एक प्रतियोगिता के दौरान टोक्यो...
भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल को मिला टोक्यो ओलंपिक का टिकट, नीरज चोपड़ा के बाद दूसरे भारतीय

भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल सिंह ने दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही एक प्रतियोगिता के दौरान टोक्यो खेलों का क्वालीफाइंग स्तर हासिल करके अपने पहले ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है। स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के बाद 24 साल के शिवपाल टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के दूसरे भाला फेंक खिलाड़ी बने। शिवपाल ने मंगलवार को मैकआर्थर स्टेडियम में एसीएनडब्ल्यू प्रतियोगिता के दौरान अपने पांचवें प्रयास में 85.47 मीटर के स्तर के साथ स्वर्ण पदक जीता और ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। ओलंपिक का क्वालीफाइंग स्तर 85 मीटर है।

चोपड़ा ने जनवरी में टोक्यो खेलों में जगह बनाई थी

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने ट्वीट कर दी जानकारी, महासंघ ने ट्वीट किया, ‘शिवपाल सिंह ने दक्षिण अफ्रीका में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में 85.47 मीटर के प्रयास के साथ टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।’ एक अन्य भारतीय अक्षदीप सिंह 75 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे। स्पर्धा में चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। चोपड़ा ने जनवरी में एसीएनडब्ल्यू लीग में ही 87.86 मीटर के प्रयास के साथ टोक्यो खेलों में जगह बनाई थी। चोपड़ा और शिवपाल दोनों यहां ट्रेनिंग कर रहे हैं।

अनु रानी ने जीता स्वर्ण पदक, पर नहीं किया क्वालीफाई

शिवपाल का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 86.23 मीटर है जो उन्होंने पिछले साल दोहा में एशियाई चैंपियशिप में रजत पदक जीतने के दौरान बनाया था। उन्होंने पिछले साल ओस्लो लेग (नॉर्वे) में प्रतिष्ठित डायमंड लीग में 80.87 मीटर की थ्रो के साथ आठवां स्थान हासिल किया था। वहीं राष्ट्रीय रिकार्ड धारक अनु रानी ने भी महिला भाला फेंक में साल की अपनी पहली स्पर्धा में 61.15 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक जीता। उनका यह प्रयास हालांकि 64 मीटर के टोक्यो ओलंपिक के क्वालीफाइंग स्तर से काफी कम रहा।

इनको भी मिला टोक्यो खेलों का टिकट

शिवपाल और चोपड़ा के अलावा, पुरुषों के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक 20 किमी रेस वॉकर केटी इरफान, अविनाश सेबल (पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज) और देश की मिश्रित 4x400 मीटर रिले टीम ने टोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad