शानदार छटा
खबर यूं थी कि भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू राफेल में उड़ान भरेंगी। सारे कैमरे तन गए और अलग-अलग एंगल से फोटो खींचने की तैयारी होने लगी। तय समय पर राष्ट्रपति अंबाला बेस स्टेशन पहुंचीं, फ्लाइंग सूट में उनकी छटा देखते ही बनती थी। मुर्मू के ऑफिशियल फोटो जारी हुए, तो सभी ने उन पर गर्व किया। यह कई लोगों को हौसला भी दे गया। शायद यही दिखाने की कोशिश भी थी।
बाल-बाल बचे

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान चोटिल हो गए। उनकी स्प्लीन में गहरी चोट लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। उनके साथ सहानुभूति तो थी ही लेकिन इस मौके पर भी लोगों ने उनकी तुलना अमिताभ बच्चन से कर डाली कि कुली फिल्म की शूटिंग के वक्त उन्हें भी ऐसी ही चोट लगी थी। भाई लोग मौके का तो ध्यान रखो करो। अमिताभ से बराबरी के मौके की नजाकत भी नहीं देखोगे क्या।
ये क्या भाईजान

मुन्नी को सही सलामत पाकिस्तान पहुंचाने वाले भाईजान के प्रति पाकिस्तान इतना निष्ठुर कैसे हो गया। बजरंगी भाईजान फिल्म से पड़ोसी देश में वाहवाही बटोरने वाले सलमान खान की अरब के रियाद में हुए जॉय फोरम में जबान जरा फिसल गई। मंच से उन्होंने बलूचिस्तान को अलग देश बता दिया। खबरें उड़ने लगीं कि उन्हें पाकिस्तान ने आतंकी निगरानी सूची में डाल दिया है। बाद में पाक सफाई देता रहा कि उसने ऐसा नहीं किया, लेकिन खबर लेकर उड़ने वाले तब तक उड़ चुके थे।
एक पंथ दो काज

छुट्टी पर भी काम करना कोई ह्रित्विक रोशन से सीखे। गर्लफ्रेंड सबा आजाद को घुमाने ले गए रोशन बाबू ने उनके साथ ‘कैंडिड’ फोटो तो डाली नहीं कि जनता भी जरा आंखों को सुकून दे देती। लेकिन अंतरराष्ट्रीय एक्शन स्टार जैकी चैन के साथ मुस्कराती तस्वीर उन्होंने तुरंत साझा कर दी। साथ में लिखा भी कि उनकी टूटी हड्डियां, चान की टूटी हड्डियों को सलाम करती हैं हमेशा। ह्रित्विक बाबू, आपको पता है न कि आजकल गर्लफ्रेंड की फोटो को तवज्जो देने के बजाय किसी और को भाव देने लगो, तो वे हड्डियां तोड़ देती हैं।
सरहद न इसे रोके

लगता है कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बात को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया है। ट्रम्प कनाडा को अमेरिका में मिलाने पर तुले हुए थे, तो ट्रूडे ने सोचा होगा, सरहद तो देश की होती है, दिलों की नहीं। यह नेक खयाल आते ही ट्रूडो भाई ने अमेरिकी पॉप सिंगर कैट पैरी के साथ रिश्ता सार्वजनिक कर दिया। अब जस्टिन अमेरिका के दामाद बन जाएं, तो सोच कर देखिए, कनाडा-अमेरिका का समधियाने का रिश्ता होगा कि नहीं।