साथ छूटा
न सुलझने वाले विवाद ऐसा वाक्य है, जिसे कोई नहीं सुलझा सकता। 19 साल बाद ऑस्कर जीत चुकी निकोल किडमैन और ग्रैमी ले चुके गायक कीथ अर्बन अलग हो गए हैं। हॉलीवुड के सबसे खुशनुमा जोड़े के रूप में कल तक चर्चा में रहे दंपती अब अपने तलाक के लिए खबरों में हैं। दोनों की सहमति से तलाक पर उनके प्रशंसक ज्यादा दुखी हैं क्योंकि दोनों की कोई लड़ाई अब तक बाहर नहीं आई थी। प्रशंसक इंतजार ही करते रह गए कि दोनों में से कोई कुछ कहे, लेकिन दोनों ने चुप्पी साध रखी है।
ऊंची छलांग

अब तक फातिमा सना शेख की पहचान दंगल गर्ल के रूप में ही है। कुछ नया जब तक नहीं मिल रहा, शेख को खुद ही कुछ न कुछ नया करना पड़ रहा है। फातिमा ने एक ऊंची पहाड़ी से पानी में छलांग लगाई और उसका वीडियो शेयर किया। हालांकि जिस छलांग को उन्होंने परफेक्ट करार दिया, उसी छलांग पर एक यूजर ने कहा कि आपने दो-तीन बार कोशिश की और सबसे परफेक्ट को साझा किया। ये बाल की खाल निकालने वालों का कुछ नहीं हो सकता। जलकुक्कड़ कहीं के।
स्त्री का कारनामा

श्रद्धा कपूर की हिट फिल्म स्त्री का संवाद है, ‘‘वो स्त्री है, कुछ भी कर सकती है।’’ इसलिए इस स्त्री ने अब सोचा है कि इच्छाधारी नागिन बन कर परदे पर जरा धमाल किया जाए। नगीना में श्रीदेवी को आज भी याद किया जाता है। श्रद्धा की फिल्म का नाम ही नागिन होगा। भूरी आंखों के साथ रेंगते हुए नागिन बन जाना, दर्शकों को हमेशा से रोमांचित करता रहा है। टीवी पर एक जमाने पर नागिनों का ही राज था। बड़े परदे पर भी इच्छाधारी की कहानियां खूब दर्शक बटोरती है।
एक और औरंगजेब

अभी औरंगजेब का फैशन आया हुआ है। छावा में अक्षय खन्ना औंरगजेब बने और वाहवाही लूटी। फिल्म चलाने के लिए यह हिट फार्मूला है। बहती गंगा में हाथ धोने के बजाय विवेक ओबेरॉय नहा ही रहे हैं। एक अदद कमबैक भूमिका की तलाश के लिए इससे अच्छा रोल और क्या होता, जबकि फिल्म ऋषभ शेट्टी डायरेक्ट कर रहे हों। वापसी के लिए छत्रपति पर बन रही एक और फिल्म में क्रूर खलनायक बनने से नाम भी मिलेगा और दाम भी।
देश पहले

अब देशप्रेम की तान के लिए जरूरी नहीं कि आप सैनिक हों, किसी भी क्षेत्र में रहने पर देश-देश नाम की माला जपी जा सकती है। ऋद्धिमा पाठक यूं तो ब्रॉडकॉस्टर हैं। लेकिन उनकी किस्मत कि वे बांग्लादेश लीग से जुड़ी हुई हैं। बांग्लादेश के साथ संबंध खराब हुए, तो जाहिर सी बात है हर व्यक्ति को देशप्रेम दिखाना होगा। इसलिए मिस पाठक ने पहले ही घोषणा कर दी कि वे लीग के साथ नहीं रहेंगी।