Advertisement
2 मार्च 2026 · MAR 02 , 2026

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की खबरें
मार्गोट रॉबी

हार पर रार

मुगल बादशाह जहांगीर का प्यार सात समंदर पार हॉलीवुड स्टार मार्गोट रॉबी के गले की शोभा बना हुआ है। उनके गले में पड़े दिल के आकार के पेंडेंट ने लोगों का ध्यान खींचा। इस पर लिखा है, ‘प्यार हमेशा बना रहे।’ इस पर नूरजहां का नाम भी लिखा हुआ है। 400 साल पुराना यह लॉकेट जहांगीर ने नूरजहां को दिया था। ब्रिटिश इसे अपने साथ ले गए और फिर यह एलिजाबेथ टेलर से होते हुए फ्रेंच लग्जरी ब्रांड कार्टियर तक पहुंच गया। 69.42 कैरेट के हीरे वाला यह लॉकेट गोल्ड और रूबी से बनी चेन में है, जिसकी कीमत 74 करोड़ रुपये है।

घर देख लिया

मनोज वाजपेयी

लगता है विवादों ने मनोज वाजपेयी का घर देख लिया है। वे शूल में काम करें या अलीगढ़ में, गैंग्स ऑफ वासेपुर में करें या बैंडिट क्वीन में, विवाद होना तय है। नेटफ्लिक्स पर उनकी आने वाली फिल्म घूसखोर पंडत पर तो इस बार ऐसा बवाल मच रहा है कि बसपा प्रमुख बहन मायावती भी कूद गई हैं। बनाने वाला (नीरज पांडे) पंडित, काम करने वाला पंडित, फिर भी ‘जातिगत’ नाम ही क्यों रखा, विवाद कहीं सियासी रणनीति तो नहीं?

ध्यान का संगीत

दलाई लामा

इस साल के ग्रैमी पुरस्कार में सबसे चौंकाने वाला नाम दलाई लामा का रहा। ग्रैमी और आध्यात्मिक गुरु को! तिब्बती बौद्ध गुरु को उनके एल्बम के लिए बेस्ट ऑडियो बुक नैरेशन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग का अवॉर्ड मिला है। संगीत की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित सम्मानमेडिटेशन: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा को मिला संगीत का ध्यान या ध्यान के लिए संगीत आपका मन जिसे मानना चाहे।

सरकारी सपना

नवजोत सिंह सिद्धू

पूर्व क्रिकेटर, पूर्व नेता मौजूदा कॉमेडी शो जज, नवजोत सिंह सिद्धू कुछ भी कर सकते हैं, कुछ भी कह सकते हैं। अभी भले ही वे किसी पार्टी के साथ नहीं हैं लेकिन उन्हें पता है कि पार्टियों से काम निकलवाया कैसे जाता है। हाल ही में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि कपिल शर्मा शो को सरकार पद्मश्री दे दे, क्योंकि वे बिना पैसा खर्च किए दूसरों को हंसाते हैं। यह देखे बिना वे मरना नहीं चाहते।

कितने आदमी थे

मेलानिया ट्रम्प

अमेरिका के राष्ट्रपति के पास यूं तो करने के लिए बहुत काम हैं, लेकिन पिछले दिनों उन्होंने एक वृत्तचित्र के रीलिज के मौके पर यह जानना चाहा कि इसे कितने लोग देखने आए थे। उन्हें संकोच के साथ जवाब मिला एक। इस वृत्तचित्र का बजट था 687 करोड़ रुपये। डॉक्यूमेंट्री बनी थी अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प पर। अब आप बताइए इससे ज्यादा लोगों ने तो यहां गुंडे फिल्म देख ली थी।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement