Advertisement

भारतीय श्रमिकों को समझना सबसे बदतर: अमेरिकी गवर्नर

अमेरिका के उत्तर पूर्वी राज्य मेन प्रांत के रिपब्लिकन गर्वनर पॉल लीपेज ने यह कहते हुए एक नया विवाद खड़ा कर दिया कि भारतीय श्रमिकों को समझना सबसे ज्यादा मुश्किल और सबसे बदतर है। एक दिन पहले ही राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार की दौड़ में आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय कॉल सेंटरों का मजाक उड़ाया था।
भारतीय श्रमिकों को समझना सबसे बदतर: अमेरिकी गवर्नर

मेन प्रांत के रिपब्लिकन गर्वनर पॉल लीपेज ने मेन रिपब्लिकन अधिवेशन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय रेस्त्रां में विदेशी श्रमिकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस अधिवेशन में पार्टी ने जुलाई के राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए अपने डेलीगेट का चयन किया। विवादास्पद बयान देने वाले लीपेज ने कहा कि बुल्गारिया के मजदूरों को समझना मुश्किल है और भारत के श्रमिकों को समझना सबसे बदतर है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भारतीय से बात करने के लिए दुभाषिये की जरूरत होती है। हालांकि साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय प्यारे लोग होते हैं।

 

इससे पहले, राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मीदवारी के प्रमुख दावेदार डोनाल्ड ट्रंप भारतीय कॉल सेंटरों की खिल्ली उड़ा चुके है। उन्होंने कल इस तरह की टिप्पणी की थी लेकिन भारत को एक महान जगह बताया था। वैसे, लीपेज और ट्रंप दोनों को रिपब्लिकन पार्टी के मेन कन्वेंशन में धक्का लग चुका है। इस कन्वेंशन में उनके प्रतिद्वंद्वी टेड क्रूज के पक्ष में 23 में से 19 डेलीगेट चुने गए। मेन प्रांत अमेरिका का छोटा उत्तर पूर्वी राज्य है। लीपेज ने अपने भाषण में क्रूज की तीखी आलोचना करते हुए उन पर पीठ पर छुरा घोंपने का आरोप लगाया।

 

  Close Ad