Advertisement

अमेरिका: ट्रंप का मीडिया पर हमला, क्लिंटन को भी बताया दुष्ट

अमेरिकी राष्ट्रपति के आगामी चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप का अपनी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन पर हमला जारी है। साथी ही ट्रंप ने इस बार सीधे-सीधे मीडिया पर भी हमला बोल दिया है।
अमेरिका: ट्रंप का मीडिया पर हमला, क्लिंटन को भी बताया दुष्ट

रियल स्टेट कारोबारी ट्रंप ने समाचार समूह सीएनएन पर सीधा हमला बोलते हुए उसे क्लिंटन न्यूज नेटवर्क करार दिया। इसके साथ ही ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स को उनकी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन का पक्ष लेने वाला बेईमान कहा। इसके अलावा ट्रंप ने हिलेरी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें दुष्ट कहकर संबोधित किया। वरमोंट से सीनेटर बर्नी सैंडर्स के हिलेरी का समर्थन करने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने आरोप लगाया, सैंडर्स ने उस दुष्ट (हिलेरी) के साथ समझौता किया। वह दुष्ट है। ट्रंप ने पेनसिलवेनिया में रैली के दौरान कहा, उनके लोग सैंडर्स पर नाराज हैं और उन्हें नाराज होना भी चाहिए। अगर वह कुछ नहीं कर पाते हैं तो घर जाएं, जाकर सोएं और आराम फरमाएं, ऐसे में वह एक नायक की तरह उभरते। लेकिन, उन्होंने तो उस दुष्ट हिलेरी के साथ समझौता कर लिया। वह तो दुष्ट है। ट्रंप ने हालिया दिनों में हिलेरी के लिए इस नई अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू किया है। उन्होंने शुक्रवार को कोलोराडो में कहा था, बर्नी झुक गए। उन्होंने उस दुष्ट के हाथों अपनी आत्मा बेच दी।

अमेरिकी मीडिया पर हमला बोलते हुए सोमवार को ओहायो के कोलंबस में ट्रंप ने कहा, आप सीएनएन को देखिये, यह क्लिंटन न्यूज नेटवर्क कहलाता है। पूरे दिन, सीएनएन, ट्रंप, ट्रंप, बेहद बुरा व्यक्ति करता रहता है। न्यू यॉर्क टाइम्स पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने कहा, न्यू यॉर्क टाइम्स वाकई बेहद बेईमान है और वह विफल हो रहा है। मुझे नहीं लगता कि वह दो या तीन साल से ज्यादा समय तक कारोबार में रहेंगे। उनके आंकड़े देखिए। वे विफल हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये अखबार उनकी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन के पक्ष में खबरें लिखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ये लोग धूर्त हिलेरी के बारे में खूबसूरती के साथ लिखते हैं। ट्रंप ने सीएनएन पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया और कहा कि जब तक ये लोग सीधे नहीं हो जाते तब तक वह इनके किसी शो में नहीं जाएंगे। ट्रंप ने आरोप लगाया कि फॉक्स के अलावा सभी मीडिया आउटलेट उन्हें लेकर बेहद सख्त रहे हैं। उन्होंने कहा, कम से कम फॉक्स तो निष्पक्ष रहा है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad