Advertisement

उत्तर कोरिया ने जापान के ऊपर से दागी बैलिस्टिक मिसाइल, क्षेत्र में तनाव

परमाणु शक्ति संपन्न उत्तर कोरिया ने जापान के ऊपर से एक बैलेस्टिक मिसाइल दागकर पूरे क्षेत्र में तनाव फैला दिया है।
उत्तर कोरिया ने जापान के ऊपर से दागी बैलिस्टिक मिसाइल, क्षेत्र में तनाव

समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, सबसे पहले दक्षिण कोरिया ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया ने अपनी राजधानी प्योंगयांग से जापान के ऊपर से किसी अज्ञात वस्तु को छोड़ा है। जापान ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि यह अज्ञात वस्तु उत्तर कोरिया द्वारा छोड़ी गई मिसाइल थी, जो उत्तरी जापान के ऊपर से गुजरते हुए समुद्र में जा गिरी। इससे किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है।

गिरने से पहले मिसाइल के तीन टुकड़े हो गए थे। जापान सरकार ने मिसाइल की जद में आने वाले इलाकों के लोगों को अलर्ट कर दिया और उन्हें बेसमेंट तथा मजबूत इमारतों में जाने के लिए कहा। इससे पहले 2009 में उत्तर कोरिया का एक रॉकेट जापान के ऊपर से गुजरा था। तब भी जापान ने इसकी कड़ी निंदा की थी। 

बरसों से जापान के ऊपर से उत्तर कोरिया की कोई मिसाइल नहीं गुजरी है। पिछले महीने अमेरिका तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों के परीक्षण के बाद जापान के ऊपर से उत्तर कोरिया की मिसाइल का गुजरना खतरनाक और उकसावे की कार्रवाई मानी जा रही है। इस तरह के व्यवहार के चलते ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया पर कई तरह के प्रतिबंध लगा रखे हैं।

जापान ने बताया गंभीर खतरा 

उत्तर कोरिया की इस हरकत के बाद जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि उनकी सरकार जनता की सुरक्षा के लिए पूरे कदम उठाएगी। आबे ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से फोन पर बात की है और दोनों देश उत्तर कोरिया पर ज्यादा दबाव बनाने को लेकर पूरी तरह सहमत हैं। अमेरिका पूरी तरह जापान के साथ है। 

जापान के मुख्य सरकारी प्रवक्ता योशिहिदे सुगा ने उत्तर कोरिया के इस परीक्षण को 'एक सुरक्षा का गंभीर खतरा' करार दिया है। उत्तर कोरिया द्वारा जापान के ऊपर से मिसाइल दागे जाने की पुष्टि करते हुए अमे‌रिकी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि मंगलवार के परीक्षण से अमेरिका पर कोई खतरा जाहिर नहीं होता है। 

कोरिया प्रायद्वीप में हथियारों की होड़ 

उत्तर कोरिया की ओर से उकसावे की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब इस प्रायद्वीपीय   क्षेत्र में हथियारों की होड़ मची है और उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइलों के परीक्षणों को लेकर तनाव बढ़ रहा है। उत्तर कोरिया इन मिसाइलों के जरिए अमेरिका को निशाना बनाने में सक्षम होना चाहता है। वह अमेरिका और दक्षिण कोरिया के युद्धाभ्यास को लेकर भी नाराज है। शनिवार को भी उत्तर कोरिया ने तीन और छोटी दूरी की मिसाइलों का परीक्षण किया था।  

ट्रंंप और किम जोंग की तकरार में परमाण्‍ाु युद्ध का खतरा 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में उत्तर कोरिया को न सुधरने पर गंभीर नतीजे भुगतने की चेतावनी दी थी तो जवाब में उत्तर कोरिया ने धमकी दी कि वह अमेरिका के गुआम द्वीप पर मिसाइल हमला कर सकता है। डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग के बीच तीखी तकरार से दुनिया परमाणु यु्द्ध की आशंकाओं से चिंतित है। उत्तर कोरिया अपनी सुरक्षा का हवाला देकर परमाणु और मिसाइल क्षमताओं को बढ़ाता जा रहा है। उसे अमेरिका और दक्षिण कोरिया के युद्धाभ्यास पर भी एतराज है। जबकि अमेरिका और दक्षिण कोरिया का कहना है कि उनका युद्धाभ्यास रक्षात्मक है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad