Advertisement

रूसी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी यात्री मारे गए

सीरिया जा रहा एक रूसी सैन्य विमान आज काले सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सैनिकों के साथ नववर्ष का जश्न मनाने के लिए जा रहे रेड आर्मी क्वायर के सदस्यों के साथ विमान में 92 लोग सवार थे। रूस के रक्षा मंत्रालय ने सभी के मारे जाने की पुष्टि कर दी है।
रूसी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी यात्री मारे गए

स्थानीय समाचार एजेंसियों ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि दक्षिणी शहर आदलर से स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद रूसी विमान टीयू-154 दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेंकोव ने बताया कि तटीय शहर सोचि से छह किलोमीटर की दूरी पर एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मंत्रालय ने बताया, रक्षा मंत्राालय के विमान टीयू-154 के टुकड़े काले सागर से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में 50-70 मीटर की गहराई में बरामद किए गए। सोचि काला सागर के पास बसा तटीय शहर है।

विमान ने पश्चिमी सीरिया में रूस के हमीमिम वायुसैनिक अड्डे के लिए अपनी नियमित उड़ान भरी थी। सीरिया के विनाशकारी गृहयुद्ध में अपने सहयोगी और देश के राष्टपति बशर अल-असद के समर्थन में रूस सीरिया में सैन्य अभियान चला रहा है और इसके तहत हवाई हमलों को अंजाम देने के लिए रूस इसी रूसी वायुसैनिक अड्डे का इस्तेमाल करता है।

विमान में सवार 84 यात्रियों में रूसी सैनिकों के साथ रूसी सेना के आधिकारिक म्युजिकल ग्रुप एलेक्सांद्रो एनसेंबल के सदस्य भी सवार थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेड आर्मी क्वायर के नाम से विख्यात यह म्युजिकल ग्रुप नववर्ष के मौके पर सीरिया स्थित रूसी वायुसैनिक अड्डे पर आयोजित होने वाले एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए जा रहा था।

मंत्रालय ने बताया कि विमान में चालक दल के आठ सदस्य भी सवार थे। विमान में यात्रिायों के अलावा नौ मीडियाकर्मी भी सवार थे। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad