Advertisement

हाथरस हादसा: 121 लोगों की मौत पर विदेशी राजनयिकों ने जताया शोक, सभी घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की

जर्मनी, फ्रांस और चीन समेत कई देशों के राजदूतों ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग में मची भगदड़ में...
हाथरस हादसा: 121 लोगों की मौत पर विदेशी राजनयिकों ने जताया शोक, सभी घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की

जर्मनी, फ्रांस और चीन समेत कई देशों के राजदूतों ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग में मची भगदड़ में कई लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस दुखद घटना से बहुत व्यथित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के हाथरस में भगदड़ की घटना में लोगों की मौत से बहुत व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

बता दें कि हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से 121 लोगों की मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को हुई भगदड़ की घटना में मरने वालों की संख्या 121 हो गई है। इस घटना में लगभग 28 लोग घायल हुए हैं। राहत आयुक्त कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

भारत में जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में भगदड़ में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह इस दुखद घटना से अत्यंत दुखी हैं।

एकरमैन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हाथरस में हुई दुखद घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। उम्मीद है कि घायलों तक जल्द ही मदद पहुंचेगी।’’

चीनी राजदूत शू फेइहोंग ने इस घटना में हुई मौतों पर मंगलवार रात को ‘एक्स’ पर पोस्ट जारी कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई दुखद घटना से स्तब्ध और दुखी हूं। मारे गए लोगों के प्रति शोक प्रकट करता हूं और पीड़ितों के परिवारों के प्रति गंभीर संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया।

राजदूत ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। फ्रांस, मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।’’

इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने भी अन्य राजदूतों द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं को साझा किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के हाथरस में भगदड़ की घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ऐसी घटनाएं वास्तव में दिल दहला देने वाली होती हैं।’’

भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने भी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, हाथरस में मंगलवार को हुई दुखद घटनाओं के बारे में पढ़कर स्तब्ध हूं। पीड़ितों के परिवारों और प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी दुखद घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।

भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने अपनी पोस्ट में कहा, उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई दुखद भगदड़ के बाद लोगों की जान गंवाने से बहुत दुखी हूं। फ्रांस पीड़ितों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad