Advertisement

क्यूबा: लंबे समय तक अमेरिका को टक्कर देने वाले फिदेल कास्त्रो 90 साल के हुए

लगभग 49 साल तक क्यूबा के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति रहे क्रांतिकारी फिदेल कास्त्रो ने 90 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर क्यूबा में जगह-जगह पर लोग जश्न मान रहे हैं। कास्त्रो ने लोगों की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार प्रकट किया और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की आलोचना की।
क्यूबा: लंबे समय तक अमेरिका को टक्कर देने वाले फिदेल कास्त्रो 90 साल के हुए

क्‍यूबा के पूर्व राष्‍ट्रपति और महान क्रांतिकारी फिदेल कास्‍त्रो 90 साल के हो गए हैं। कास्‍त्रो का जन्‍म वर्ष 1926 में पूर्वी क्‍यूबा के बीरन में हुआ। मजदूरों पर होने वाले अत्‍याचारों ने फिदेल कास्‍त्रो को क्रांतिकारी विचार वाला बना दिया। बढती उम्र की वजह से कास्त्रो अप्रैल महिने के बाद अपने जन्मदिन पर आयोजित समारोह में सार्वजनिक तौर पर दिखाई दिए। इस कार्यक्रम का सरकारी चैनल पर सीधा प्रसारण किया गया। उन्होंने कल अपने जन्मदिन पर सरकारी प्रकाशनों में लिखे लेख में कहा, हाल के दिनों मेरे प्रति जो सम्मान, शुभकमाना और प्रशंसा दिखाई गई है उसके लिए मैं आभार प्रकट करता हू। यह मुझे उन विचारों के साथ आगे बढ़ने की ताकत देता है जिनका मैंने हमेशा सम्मान किया है। उन्होंने इस साल मई में हिरोशिमा की यात्रा के दौरान ओबामा की ओर से जापानी लोगों से माफी नहीं मांगने को लेकर उनकी आलोचना की।

फिदेल अप्रैल महीने से सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे थे। वह कल हवाना के कार्ल मार्क्स थिएटर में बच्चों की थिएटर कंपनी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम केे दौरान नजर आए। उनके साथ क्यूबा के वर्तमान राष्ट्रपति एवं उनके भाई राउल तथा वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो भी थे। फिदेल पिछली बार 19 अप्रैल को क्यूबा की कम्यूनिस्ट पार्टी की बैठक के दौरान सार्वजनिक रूप से दिखे थे। उनके बारे में कहा जाता है कि वह हाल के वर्षों में आंत की बीमारी से पीड़ित रहे हैं। लेकिन उनकी स्थिति के बारे में आधिकारिक तौर पर गोपनीयता रखी जा रही है।

कास्‍त्रो ने 1953 में देश के भ्रष्‍ट तानाशाह बतिस्‍ता के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंका था। पर असफल होने की वजह से जेल जाना पड़ा। लेकिन दो साल बाद ही रिहा कर दिए जाने के बाद वे अपने भाई राउल के साथ निर्वासन में मैक्सिको चले गए। यहीं से उन्‍होंने अपने साथी चे ग्‍वेवारा के साथ मिलकर बतिस्‍ता के खिलाफ गुरिल्‍ला युद्ध का आगाज किया। 1959 में उन्‍होंने बतिस्‍ता की सत्ता उखाड़ फेंकी और देश के प्रधानमंत्री बने। बाद में 1976 में वे राष्‍ट्रपति बने। साल 2008 में उन्होंने पद छोड़ दिया और राउल को सत्‍ता सौंप दी। 

फिदेल कास्‍त्रो शीतयुद्ध के चुनिंदा जीवित नेताओं में से एक हैं। उन्हीं के नेतृृत्व में क्‍यूबा एक कम्‍युनिस्‍ट राष्‍ट्र बना। अमरीका ने क्यूबा पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगा रखे थे। क्यूबा के सोवियत संघ का हाथ थामने से अमरीका-क्यूबा के बीच खाई गहरी होती गई। क्‍यूबा और अमेरिका के बीच 50 साल तक दुश्‍मनी रही। लेकिन हाल ही में अमेरिकी राष्‍ट्रपति बराक ओबामा ने क्‍यूबा का दौरा किया जिससे दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक तनाव के खत्म होने की उम्मीद की जा रही है। क्‍यूबा और अमेरिका के बीच सिर्फ 93 मील की दूरी है। 

 

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad