Advertisement

रूस-यूक्रेन संकट: पुतिन को रोकने के लिए ब्रिटेन ने बनाई योजना, पीएम जॉनसन ने कही ये 6 बातें

रूस यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध जारी है। वहीं पश्चिमी देश रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रोकने के...
रूस-यूक्रेन संकट: पुतिन को रोकने के लिए ब्रिटेन ने बनाई योजना, पीएम जॉनसन ने कही ये 6 बातें

रूस यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध जारी है। वहीं पश्चिमी देश रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रोकने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। इस बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के "भयानक" आक्रमण को नाकाम करने के लिए विश्व के नेताओं को नए सिरे से प्रयास करना चाहिए।

न्यू यॉर्क टाइम्स में छपे अपने लेख में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लिखा है, "भविष्य के इतिहासकार नहीं बल्कि यूक्रेन के लोग हमारा निर्णय करेंगे।"

प्रधानमंत्री जॉनसन ने पुतिन को हर हाल में रोकने के लिए एक छह सूत्रीय योजना बताई है। उनका कहना है कि इससे उनको रोका जा सकता है।

1. दुनिया भर के नेताओं को यूक्रेन के लिए एक "अंतरराष्ट्रीय मानवीय गठबंधन" बनाना चाहिए।

2. दुनिया भर के नेताओं को आत्मरक्षा के लिए यूक्रेन की कोशिशों में भी सहायता करनी चाहिए।

3. रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाया जाना चाहिए।

4.अंतरराष्ट्रीय समुदाय को रूस को यूक्रेन में अपने कृत्यों का "सामान्यीकरण" करने से रोकना चाहिए।

5. युद्ध को रोकने के लिए कूटनीति का रास्ता अपनाना चाहिए, मगर केवल तब जब इसमें यूक्रेन की वैध सरकार की पूरी भागीदारी हो।

6. नेटो देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को सुदृढ करने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास होने चाहिए।

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन सोमवार को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और डच प्रधानमंत्री मार्क रूट के साथ डाउनिंग स्ट्रीट में मीटिंग दौरान अपना संदेश भी दे सकते हैं। वहीं मंगलवार को प्रधानमंत्री जॉनसन मध्य यूरोपीय देशों के वी4 समूह के नेताओं की मेजबानी करेंगे।

  Close Ad