Advertisement

दुनिया में सबसे लंबे समय तक राज करने वाले थाईलैंड के राजा का निधन

थाईलैंड के नरेश भूमिबोल अदुल्यदेज का लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया और इसके साथ ही इस देश में राजशाही के सात दशक के सुनहरे दौर का अंत हो गया।
दुनिया में सबसे लंबे समय तक राज करने वाले थाईलैंड के राजा का निधन

दुनिया में सबसे अधिक समय तक राजशाही की कुर्सी पर आसीन रहे अदुल्यदेज विभाजित थाईलैंड को एक सूत्र में बांधने के लिए विख्यात रहे। वह 88 साल के थे। राजमहल ने एक बयान में कहा कि स्थानीय समयानुसार दिन में 3 बजकर 52 मीनट पर सिरिराज अस्पताल में नरेश का निधन हुआ। युवराज वज्रलोंगकर्ण, राजकुमारी महाचक्री श्रींदोर्ण, राजकुमारी सोमसावली और राजकुमारी चुलाबोर्ण अस्पताल में मौजूद थे। थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रत्युत चान-ओचा ने कहा कि 64 साल के युवराज देश के अगले नरेश होंगे। प्रधानमंत्री प्रत्युत रविवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए जाने वाले थे। सूत्रों ने बताया कि अब प्रधानमंत्री ने इस शिखर सम्मेलन में शामिल होने का जिम्मा उप प्रधानमंत्री सोमकिड जतुश्रीथक को सौंपा है।

बीते रविवार को राजमहल ने कहा था कि हेमाडाइलेसिस के उपचार के बाद नरेश की हालत अस्थिर बनी हुई है।नरेश भूमिबोल के अस्वस्थ होने की खबर सुनने के बाद दो दिनों से उनके सैकड़ों शुभचिंतक अस्पताल के बाहर जमा थे और वे उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे थे। राजशाही थाई समाज का मुख्य हिस्सा है और कई बार नरेश को वस्तुत: भगवान माना जाता है। रामा-9 के नाम से पुकारे जाने वाले नरेश चक्री वंश के नौंवे राजा थे। 70 साल पहले राजशाही सत्ता पर आसीन होने वाले भूमिबोल थाईलैंड में स्थिरता और एकता के स्रोत रहे हैं। दुनिया में सबसे लंबे समय तक राजशाही सिंहासन संभालने वाले भूमिबोल 1946 में उस वक्त इस पद पर आसीन हुए थे जब उनके भाई का निधन हुआ था। अपने सात दशक के शाही कार्यकाल के दौरान नरेश भूमिबोल देश को एक सूत्र में जोड़ने वाली ताकत रहे और कई बार देश को संकट में ले जाने वाले घटनाक्रमों में दखल दिया और स्थिति संभाली।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad