समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चीन ने बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास में अपना विरोध दर्ज कराया और भारत पर ही उसकी सीमा में घुसपैठ करने का आरोप लगाते हुए सिक्किम क्षेत्र से भारतीय सैनिकों को हटाने की मांग की है। साथ ही चीन ने कहा कि नाथूला पास से मानसरोवर यात्रियों का रास्ता उसने सीमा पर बने गतिरोध के कारण बंद किया है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लु कांग ने एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘हमने अपने रुख के बारे में बताने के लिए बीजिंग और नई दिल्ली में गंभीर विरोध दर्ज कराया है। अपनी संप्रभुता को बुलंद रखने का हमारा रूख दृढ़ है।” उन्होंने कहा कि चीन अपने सैनिकों को तुरंत वापस बुलाए।”
चीन ने सोमवार को ही कहा था कि उसने सीमा विवाद के मद्देनजर नाथू ला दर्रे के जरिये तिब्बत में प्रवेश करने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों की यात्रा पर ‘‘सुरक्षा कारणों’’ से रोक लगा दी है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा, ‘‘चीन भारत से अनुरोध करता है कि वह सीमा पार करने वाले जवानों को तुरंत वापस बुलाए और इस मामले की विस्तृत जांच कराये।’’
उन्होंने सोमवार रात जारी एक बयान में कहा था कि, ‘‘भारतीय सीमा रक्षक बल चीन-भारत सीमा के सिक्किम क्षेत्र में सीमा पार कर चीन के क्षेत्र में घुस गए। उन्होंने हाल ही में सिक्किम में दोंगलांग क्षेत्र में चीनी सीमा बलों की सामान्य गतिविधियों को बाधित किया। चीनी पक्ष ने जवाबी कदम उठाए।’’
गौरतलब है कि सोमवार को ही चीनी सैनिकों के सिक्किम क्षेत्र में भारतीय सीमा में घुसने की खबर आई थी। जिसके मुताबिक चीनी सैनिकों ने भारतीय फौजियों के साथ धक्कामुक्की की और फिर भारतीय सेना के दो बंकर भी तोड़ दिए थे।