Advertisement

शाहरुख खान की बादशाहत बहाल

भारतीय सिनेमा की मुख्यधारा के बादशाह शाहरुख खान ने पिछले साल जबरदस्त वापसी की और सितारों की जगमग भी...
शाहरुख खान की बादशाहत बहाल

भारतीय सिनेमा की मुख्यधारा के बादशाह शाहरुख खान ने पिछले साल जबरदस्त वापसी की और सितारों की जगमग भी तेज हो गई। 2023 बॉलीवुड के लिए सुनहरा वर्ष रहा। हिंदी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया। इसमें शाहरुख ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने चार साल के लंबे इंतजार के बाद सिनेमाघरों में वापसी की। वापसी भी ऐसी कि उनके सभी आलोचक नतमस्तक हो गए। 2023 में रिलीज हुई फिल्म पठान, जवान, डंकी की कामयाबी ने स्पष्ट कर दिया कि आज भी फिल्में केवल शाहरुख खान या उन जैसे सुपरस्टार के स्टारडम पर चलती हैं। ये फिल्में कंटेंट के स्तर पर साधारण थीं लेकिन शाहरुख फैक्टर के बलबूते बॉक्स ऑफिस पर तूफान खड़ा कर दिया।

2017 और 2018 में शाहरुख खान की फिल्में जब हैरी मेट सेजल और जीरो सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं। दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थीं। दोनों से ही फिल्म समीक्षक और शाहरुख के फैन निराश हुए थे। बातें शुरू हो गईं थीं कि हिंदी सिनेमा में खान तिकड़ी (शाहरुख, आमिर खान और सलमान खान) का दौर समाप्त हो गया है। शाहरुख खान हिंदी सिनेमा में रोमांस के किंग कहे जाते हैं। दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कुछ कुछ होता है, दिल से, दिल तो पागल है जैसी फिल्मों से शाहरुख खान ने एक पूरी पीढ़ी को इश्क करना सिखाया, लेकिन वे ढलती उम्र में भी पच्चीस साल वाला रोमांस कर रहे थे। इससे इतर, एक पूरी नई पीढ़ी तैयार हो चुकी थी, जो शाहरुख खान के पुराने अंदाज से अपरिचित थी। उसने जब हैरी मेट सेजल और जीरो में उनके रोमांटिक किरदार में पूरी तरह अस्वीकार कर दिया।

शाहरुख की लोकप्रियता का बड़ा कारण है कि उन्होंने विविधतापूर्ण और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाए हैं। शाहरुख की फिल्में विषय के स्तर पर हमेशा मजबूत रही हैं। स्वदेस, चक दे इंडिया, रब ने बना दी जोड़ी, वीर जारा, माय नेम इज खान जैसी फिल्में कंटेंट और अभिनय के मामले में बेजोड़ थीं, लेकिन बीते कुछ साल में शाहरुख बेहद कमजोर विषयों के साथ आ रहे थे। फिल्म हैप्पी न्यू ईयर, चेन्नई एक्सप्रेस, दिलवाले में शाहरुख ने खालिस मसाला किरदार निभाए और जीरो और जब हैरी मेट सेजल में अटपटे और ऊर्जाहीन अभिनय का प्रदर्शन किया। इन किरदारों में शाहरुख का करिश्मा नदारद था। इसलिए दर्शकों ने शाहरुख को नकारने में जरा सी भी देरी नहीं दिखाई।

शाहरुख ने अपनी गलतियों से सीखा और अपनी कमियों पर काम किया। इसका परिणाम नजर आया। 2023 की शुरुआत पठान से हुई। शाहरुख चार साल के बाद सिनेमाघरों में वापसी कर रहे थे। उनका पठान लुक वायरल हो रहा था। दर्शक लंबे समय के बाद शाहरुख को एक्शन अवतार में देखने वाले थे। इस फिल्म के गीत बेशरम रंग से विवाद जुड़ गया। इस कारण फिल्म को और अधिक सुर्खियां मिल गईं। दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम की मौजूदगी और सलमान खान के जबरदस्त कैमियो ने हवाओं का रुख शाहरुख की तरफ मोड़ने का काम किया। इसका नतीजा यह हुआ कि पठान ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। फिल्म ने पहले ही दिन भारत में 57 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1055 करोड़ रुपये कमाए।

फिल्म कंटेंट के स्तर पर साधारण थी लेकिन शाहरुख का एक्शन अवतार लोगों को पसंद आया। कुछ ऐसा ही प्रभाव जवान का भी रहा। जवान का लुक पहले दिन से ही ट्रेंड कर रहा था। चेहरे पर पट्टियां लपेटे शाहरुख रहस्य और रोमांच से भरे हुए दिखाई दे रहे थे। जवान में शाहरुख ने एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाया जो सिस्टम की गड़बड़ियों को ठीक करना चाहता है। इस किरदार के माध्यम से शाहरुख ने आम आदमी की परेशानियों, पीड़ाओं और संघर्षों को छुआ। दर्शक फिल्म देखकर भावुक हुए। फिल्म में शाहरुख ने जिस तरह पिता और पुत्र के भावुक संबंध को रेखांकित किया, उसने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने का काम किया। शाहरुख लंबे समय के बाद एक ऐसी फिल्म में नजर आए, जो विषय के स्तर पर बेहतर थी। इस सकारात्मकता का ही प्रभाव रहा कि जवान ने बॉक्स ऑफिस पर 1148 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

2023 के अंत में शाहरुख डंकी के साथ दर्शकों के बीच आए। इस फिल्म को लेकर सभी सिनेप्रेमी उत्साहित थे। इस उत्साह के पीछे थे निर्देशक राजकुमार हीरानी। मुन्नाभाई एमबीबीएस, पीके, संजू जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाने वाले हीरानी भी चार साल के लंबे इंतजार के बाद सिनेमाघरों में वापसी कर रहे थे। दर्शक शाहरुख खान और राजकुमार हिरानी को साथ-साथ देखने के लिए आतुर थे। सभी को उम्मीद थी कि जरूर कुछ चौंकाने वाला अनुभव होगा। फिल्म रिलीज हुई, तो उसे दर्शकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया हासिल हुई। जहां एक ओर लोगों ने कमजोर स्क्रिप्ट की आलोचना की, वहीं फिल्म के भावुक कर देने की क्षमता की तारीफ भी हुई। कहा गया कि डंकी राजकुमार हिरानी के मार्के की फिल्म नहीं थी। यानी इस फिल्म में हिरानी का जादू गायब था, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। जिस तरह मुन्नाभाई एमबीबीएस ने सारे रेकॉर्ड तोड़े थे वैसी ही कुछ उम्मीद डंकी से भी की गई थी। डंकी को आपार सफलता भले ही न मिली हो फिर भी डंकी ने बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार करने में सफलता पाई। कमाई के लिहाज से इसे कोई खास नुकसान नहीं हुआ।

शाहरुख खान ने कहा है कि आने वाले दिनों में वह अपनी उम्र के मुताबिक किरदार निभाएंगे। क्या शाहरुख वाकई आने वाले समय में नए अवतार में नजर आएंगे और हिंदी सिनेमा को कंटेंट, क्राफ्ट, तकनीक के मामले में आगे बढ़ाएंगे, खासकर तब जब पूर्व में उनके ऐसे प्रयास असफल रहे हैं? यह देखने वाली बात होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad