'कबीर सिंह' 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली शाहिद कपूर की पहली सोलो फिल्म बन गई है। तमाम विवादों को दरकिनार कर लोग शाहिद की फिल्म को एंटरटेनिंग बता रहे हैं। कबीर सिंह के शोज सप्ताह के आखिर में भी हाउसफुल जा रहे हैं।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने पांचवें दिन का कलेक्शन शेयर किया है। फिल्म ने मंगलवार को 16.53 करोड़ का कारोबार किया है। जिसके बाद फिल्म का टोटल कलेक्शन 104.90 करोड़ रुपए हो गया है। बतौर सोलो एक्टर कबीर सिंह 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली शाहिद की पहली फिल्म है। तरण आदर्श ने मूवी को ब्लॉकबस्टर घोषित किया है।
गौरतलब है कि 'कबीर सिंह' सुपरहिट तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की 'कबीर सिंह' एक लव स्टोरी है, जिसका हिंदी रीमेक बनाते समय उन्होंने कहानी को मूल फिल्म की तरह ही रहने दिया।
अब तक की कमाई पर एक नजर
शुक्रवार: लगभग 20,00,00,000 रुपए
शनिवार: लगभग 23,00,00,000 रुपए
रविवार: लगभग 27,75,00,000 रुपए
सोमवार: लगभग 17,00,00,000 रुपए
मंगलवार: लगभग 16,50,00,000 रुपए
कुल कमाई: 1,04,25,00,000 रुपए
3123 स्क्रीन्स पर रिलीज
हैरान करने वाली बात ये है कि इस साल रिलीज हुई बड़ी फिल्मों के मुकाबले कबीर सिंह कम स्क्रीन्स (3123) पर रिलीज हुई थी। इसके बावजूद शाहिद की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है।
क्यों है इस मूवी पर विवाद
कबीर सिंह की कहानी और शाहिद कपूर के कैरेक्टर पर बवाल मचा हुआ है। मूवी में शाहिद कपूर के किरदार को महिला विरोधी बताया जा रहा है। शोभा डे के बाद सेंसर बोर्ड की एक मेंबर ने भी कबीर सिंह के कंटेंट पर सवाल उठाया है। वहीं कुछ डॉक्टर्स ने कबीर सिंह के जरिए मेडिकल प्रोफेशन की गलत छवि पेश करने का भी आरोप लगाया है।