Advertisement

मुंबई की एक आवासीय इमारत में आग लगने से सात लोगों की मौत, 40 घायल

मुंबई के गोरेगांव इलाके में शुक्रवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोगों की...
मुंबई की एक आवासीय इमारत में आग लगने से सात लोगों की मौत, 40 घायल

मुंबई के गोरेगांव इलाके में शुक्रवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि सात मंजिला इमारत की छत और अन्य तलों से कम से कम 30 लोगों को बचाया गया और उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचाया गया।

देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई इमारत में आग लगने से हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई के गोरेगांव स्थित एक इमारत में आग लगने से हुई मौतों पर शुक्रवार को शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजन के लिए मुआवजे की घोषणा की।

 

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट के मुताबिक, मोदी ने इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक को दो दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। पीएमओ के मुताबिक, हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

 

पोस्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि अधिकारी इस हादसे के प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

 

मुंबई के गोरेगांव में लगी आग पर बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने कहा, "हमारे पास मौजूद जानकारी के मुताबिक आग कल रात 3 बजे लगी। तड़के 3.10 बजे दमकल की गाड़ियां वहां पहुंचीं, आग सबसे पहले इमारत की दो मंजिलों पर फैली थी। लोगों की मृत्यु जलने से नहीं दम घुटने से हुई क्योंकि वहां घना धुआं फैला हुआ था... इस अस्पताल में 28 लोगों को लाया गया है और इनमें से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है... इन सभी को मुफ्त इलाज दिया जाएगा। अगर कोई दवा बाहर से लानी पड़ी तो उसका खर्च भी हम उठाएंगे। हम मृतकों के परिजनों का पता लगाएंगे और उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।" 

अधिकारियों ने बताया कि आग गोरेगांव पश्चिम में स्थित जय संदेश भवन में तड़के तीन बजे लगी। शुरू में अधिकारियों ने आग से प्रभावित भवन का नाम जय भवानी बताया था। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी ज्ञात नहीं है। उन्होंने बताया कि आग से प्रभावित लोगों को जोगेश्वरी में एक ट्रॉमा सेंटर में और जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि उनमें से दो बच्चों और दो महिलाओं सहित छह लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक अन्य व्यक्ति की मौत उपचार के दौरान हो गई जिससे मृतक संख्या बढ़कर सात हो गई। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गोरेगांव, मुंबई में लोगों की मौत के बारे में सुनकर दुख हुआ। हम बीएमसी और मुंबई पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

दमकल अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले आग इमारत के चारों ओर फैल चुकी थी। आग की चपेट में आने से दुकानें, कबाड़ और निचले तल पर मौजूद दो पहिया वाहन जलकर नष्ट हो गए थे।

दमकल अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लगे। आग बुझाने के अभियान में दमकल की आठ गाड़ियों और अन्य साजो सामान का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिस अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है, उनसे मुलाकात के लिए कुछ समय में नगर निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल अस्पताल का दौरा करने वाले हैं।

मुंबई के गोरेगांव में एक बिल्डिंग में आग लगने की घटना में मृतकों और घायलों की बीएमसी ने सूची जारी की है। घटना में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad