Advertisement

सुपर 30 को जापान में जबरदस्त सफलता, गणितज्ञ आनंद कुमार रहे टोक्यो प्रीमियर में मौजूद

भारत के गणितज्ञ और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार के जीवन पर आधारित फिल्म 'सुपर 30' को जापान के 50 शहरों में...
सुपर 30 को जापान में जबरदस्त सफलता, गणितज्ञ आनंद कुमार रहे टोक्यो प्रीमियर में मौजूद

भारत के गणितज्ञ और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार के जीवन पर आधारित फिल्म 'सुपर 30' को जापान के 50 शहरों में भव्य तरीके से सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। फिल्म को जापानी दर्शकों का भरपूर प्यार और सहयोग मिला। 

 

फिल्म 'सुपर 30' का भव्य प्रीमियर 25 सितंबर 2022 को जापान के टोक्यो में आयोजित किया गया। इस आयोजन में शामिल होने के लिए आनंद कुमार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। जब आनंद कुमार प्रीमियर पर पहुंचे तो हाउसफुल शो उनका इंतजार कर रहा था। शो के बाद दर्शकों ने आनंद कुमार से उनकी जिंदगी और संघर्ष यात्रा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। कई लोग अपने साथ किताब "सुपर 30" लेकर आए हुए थे और उन्होंने किताब पर आनंद कुमार के ऑटोग्राफ हासिल किए। शो के बाद दर्शकों ने आनंद कुमार को भव्य स्टैंडिंग ओवेशन दिया। 

 

 

सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार को समाज के गरीब, वंचित, पिछले वर्ग के बच्चों को पढ़ाने और उन्हें आईआईटी जैसे विश्वस्तरीय संस्थान की प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण कराने के लिए दुनियाभर में जाना जाता है।कोविड 19 के समय जब सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान बंद कर दिए गए थे, तब आनंद कुमार ने अपने सोशल मीडिया मंचों, अखबारों से लगातार छात्रों से संपर्क साधने और उनके निरंतर मार्गदर्शन का काम किया था। उन्होंने महामारी के दौरान लगातार अपने कॉलम के माध्यम से युवाओं को दिशा दी और उनके इस प्रयास को सराहा गया। आनंद कुमार के इसी समर्पण,सेवा और सेवा कार्य के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। बॉलीवुड ने आनंद कुमार की इसी संघर्ष गाथा का सम्मान करते हुए उनकी बायोपिक फिल्म "सुपर 30" का निर्माण किया। 

 

 

इस आयोजन से पहले जापानी जनता में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। जापानी थियेटर में हुए विशेष शो में शामिल जापानी फिल्म समीक्षकों ने फिल्म को खूब तारीफ की है। गणितज्ञ आनंद कुमार जापान में काफी पॉपुलर रहे हैं। शिक्षा सुधारों के लिए आनंद कुमार हमेशा सक्रिय रहे हैं। उन्होंने एक जापानी कम्पनी के साथ ऑनलाइन माध्यम से छात्रों को शिक्षा से जोड़ने की मुहिम में काम किया है। आनंद कुमार के इस प्रयास से लाखों छात्र छात्राओं का भविष्य उज्ज्वल हुआ है। तकनीक के माध्यम से उनके जीवन में शिक्षा का दीपक रोशन हुआ है। 2009 में जापान की अभिनेत्री नोरिका फूजिवारा ने आनंद कुमार पर एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई थी। जापान की एक यूनिवर्सिटी ने अपने मैनेजमेंट छात्रों के लिए सुपर 30 की कहानी से प्रेरित होकर एक किताब प्रकाशित की है। जापान की सीजीसी बिजनेस इकाई ने सुपर 30 की प्रेरणा से भारत में मुफ्त आवासीय विद्यालय खोलने की पेशकश भी की थी। जापान में आनंद कुमार को एक रोल मॉडल के रूप में देखा जाता है। यही कारण है कि आनंद कुमार के सुपर 30 के स्टूडेंट्स को जापान सरकार ने स्पॉन्सर भी किया। जापान सरकार ने विज्ञान और तकनीक को समझने के लिए सुपर 30 के स्टूडेंट् को जापान आमंत्रित करते हुए, उनकी यात्रा स्पॉन्सर की। 

 

जापान में आयोजित विशेष शो में फिल्म देखने के बाद एक जापानी फिल्म समीक्षक द्वारा फिल्म को शिक्षा और सीखने की शक्ति को रेखांकित करने वाली सशक्त फिल्म बताया गया। एक अन्य प्रचलित जापानी मीडिया समूह ने फिल्म को शिक्षा के माध्यम से जीवन परिवर्तन का महत्व बताने वाली महत्वपूर्ण फिल्म बताया। 

 

 

जापानी दर्शकों के इस व्यवहार से आनंद कुमार भावुक होते दिखाई दिए। उन्होंने कहा "यह अनुभव हमेशा मेरी स्मृतियों में खूबसूरत एहसास बनकर बसा रहेगा। जापान के लोगों ने मुझे बहुत प्यार और सम्मान दिया है। उनसे गहरा जुड़ाव महसूस हुआ है मुझे। यह जापानी लोगों की संवेदनशीलता और उनकी समृद्ध शिक्षा व्यवस्था को दिखाता है। जापान के लोगों की नवीनता, उनकी सोच, उनके व्यक्तित्व से झलकती है। मुझे टोक्यो में हाउसफुल शो देखकर बेहद प्रसन्नता हुई है। "

 

फिल्म "सुपर 30" भारत में तीन साल पहले 12 जुलाई सान 2019 को रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन विकास बहल ने किया था। फिल्म में आनंद कुमार की भूमिका अभिनेता ऋतिक रोशन ने निभाई थी। ग्रीक गॉड के नाम से मशहूर ऋतिक रोशन के लिए आनंद कुमार का किरदार निभाना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था। ऋतिक रोशन के लुक्स, उनकी भाषा आनंद कुमार से बिलकुल जुदा थी। लेकिन ऋतिक रोशन ने मेहनत, अनुशासन और समर्पण से खुद को आनंद कुमार के किरदार में ढाला और स्क्रीन पर आनंद कुमार को जीने में सफलता पाई। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, वीरेंद्र सक्सेना, मृणाल ठाकुर, अमित साध, आदित्य श्रीवास्तव ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में संगीत निर्देशक अजय - अतुल का संगीत था। लोगों ने फिल्म को बेहद पसंद किया था। आनंद कुमार की कहानी ने सभी को प्रेरित किया। ऋतिक रोशन को इस फिल्म के लिए बहुत सराहना मिली। भारत में फिल्म का कलेक्शन 172 करोड़ रहा था। ओवरसीज मार्केट से इसने 36 करोड़ कलेक्ट किए थे। इस तरह इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 208 करोड़ से ज्यादा का रहा था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad