Advertisement

संसदीय मामले पर मंत्रिमंडलीय समिति से स्मृति ईरानी बाहर

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद अब संसदीय मामले की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीपीए) में अहम फेरबदल किया गया है। इस बदलाव में समिति में विशेष आमंत्रित स्मृति ईरानी को हटा दिया गया और मानव संसाधन विकास मंत्रालय में उनके उत्तराधिकारी प्रकाश जावड़ेकर को प्रोन्नत कर उनकी जगह पर समिति में लाया गया है।
संसदीय मामले पर मंत्रिमंडलीय समिति से स्मृति ईरानी बाहर

इस तरह इसी सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे चुकीं अल्पसंख्यक मामले की मंत्री नजमा हेपतुल्ला अब इस पैनल की सदस्य नहीं रहीं। मंत्रिमंडल में हाल के फेरबदल में ईरानी को मानव संसाधन विकास मंत्रालय से हटाकर कपड़ा मंत्रालय में भेज दिया गया था। जावड़ेकर पहले इस समिति में विशेष आमंत्रित थे। नए कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस पैनल में अपने पूर्ववर्ती डी वी सदानंद गौड़ा का स्थान लिया है। संसदीय कार्य राज्यमंत्री पद से हटाए गए राजीव प्रताप रूड़ी भी विशेष आमंत्रित के रूप में समिति से बाहर कर दिए गए हैं। उनका स्थान एस एस अहलूवालिया ने लिया है जो अब मंत्रालय में जूनियर मंत्री हैं।

कानून मंत्रालय में शामिल किए गए नए राज्य मंत्री पी पी चौधरी भी विशेष आमंत्रित बनाए गए हैं। गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली सीसीपीए को संसद सत्र की तारीखों की सिफारिश करने का अधिकार प्राप्त है। समिति में तीन विशेष आमंत्रित समेत 11 सदस्य हैं। इसके अन्य सदस्य केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, अरूण जेटली, एम वेंकैया नायडू, रामविलास पासवान, अनंत कुमार हैं। कैबिनेट सचिवालय द्वारा जारी नई सूची के अनुसार संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी एक अन्य विशेष आमंत्रित हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad