Advertisement

लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने कांग्रेस में शामिल होने की खबरों को किया खारिज

उरी हमले के बाद पाकिस्तान पर भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक की निगरानी करने वाले...
लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने कांग्रेस में शामिल होने की खबरों को किया खारिज

उरी हमले के बाद पाकिस्तान पर भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक की निगरानी करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा (रिटायर्ड) ने कांग्रेस में शामिल होकर विजन डाक्यूमेंट तैयार करने के सवाल को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मैंने कांग्रेस ज्वाइन नहीं की है।

गुरुवार को ऐसी खबरें सामने आई थी कि कांग्रेस ने लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हु़ड्डा (रिटायर्ड) को पार्टी में शामिल करते हुए बड़ी जिम्मेदारी दी है। ऐसा कहा जा रहा था कि जनरल हुड्डा कांग्रेस का विजन डॉक्यूमेंट भारत के सुरक्षा को केंद्र में रखकर बनाएंगे और इसके लिए कांग्रेस ने टास्क फोर्स का भी गठन किया है लेकिन हुड्डा के नकार देने के बाद सारी अटकलों पर विराम लग गया है।

मैंने कांग्रेस ज्वाइन नहीं किया है: डीएस हुड्डा

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सर्जिकल स्ट्राइक को लीड कर चुके हीरो रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने कांग्रेस में शामिल होने की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मैंने कांग्रेस ज्वाइन नहीं किया है।

तैयार करेंगे विजन पेपर

गुरुवार को कांग्रेस पार्टी के ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में बताया गया, 'कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर टास्क फोर्स गठित करने के लिए आज लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुडा (रिटायर्ड) से मुलाकात की, जो देश के लिए एक विजन पेपर तैयार करेंगे।' गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक के अगुआ को यह जिम्मेदारी ऐसे समय में सौंपी है जब चुनाव की घोषणा होने में कुछ ही हफ्ते बचे हैं।

हुडा ने कहा था, सर्जिकल स्ट्राइक को इतने प्रचार की जरूरत नहीं थी

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में पल रहे आतंकियों के खिलाफ 2016 में भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक कर कई आतंकी कैंपों को नष्ट कर दिया था। इस ऑपरेशन में कई आतंकी मारे गए थे। केंद्र सरकार ने इसे जोर-शोर से प्रचारित भी किया। हालांकि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल हुडा ने कहा था कि सर्जिकल स्ट्राइक के इतने प्रचार की जरूरत नहीं थी। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस के इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सर्जिकल स्ट्राइक के दो साल बाद तत्कालीन लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) डी एस हुडा ने कहा था कि इस हमले के इतना प्रचार की जरूरत नहीं थी। हुड्डा ने कहा था, 'मुझे लगता है कि इसका कुछ ज्‍यादा ही प्रचार किया गया। सेना का ऑपरेशन महत्‍वपूर्ण था और हमें ऐसा करना ही था। पर इसका कितना राजनीतिकरण होना चाहिए था, यह कितना सही है या गलत यह बात राजनेताओं से पूछी जानी चाहिए।' हालांकि उस वक्त आर्मी प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने डीएस हुड्डा के बयान को निजी विचार बताया था।

पीएम ने सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिक इस्तेमाल किया: राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक को ‘जरूरत से ज्यादा तूल दिए जाने’ संबंधी सेना के पूर्व अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डीएस हुडा के बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला था। उन्होंने दावा किया था कि पीएम मोदी ने सेना का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया और इस पर उन्हें कोई शर्म नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad