Advertisement

महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग; 26 लोगों की जलकर मौत, सीएम शिंदे ने किया मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र के बुलढाणा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बुलढाणा में नागपुर से पुणे जा रही एक बस हादसे का...
महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग; 26 लोगों की जलकर मौत, सीएम शिंदे ने किया मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र के बुलढाणा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बुलढाणा में नागपुर से पुणे जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। शुक्रवार-शनिवार रात हुए हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि 8 लोग बचाए गए। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए देने की घोषणा की है।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि शनिवार को महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लगने से करीब 26 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि निजी ट्रैवल्स की बस नागपुर से पुणे जा रही थी, तभी बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास देर रात करीब दो बजे वह डिवाइडर से टकरा गई।

 

बुलढाणा पुलिस के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि ने इसके बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब दो बजे की है। बस से 25 शव निकाले गए हैं। बस में कुल 32 लोग सवार थे। छह से आठ लोग घायल हैं। घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

 

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुलढाणा में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई बस दुर्घटना दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। प्रथानमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए PMNRF से दिए जाएंगे।

बुलढाणा हादसे पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि समृद्धि महामार्ग पर एक दर्दनाक घटना हुई है। एक निजी बस पुल से टकराई, जिसके बाद उसके डीजल की टंकी फूटने से उसमें आग लग गई। इसमें 25 लोगों की जलने से मृत्यु हुई है। 8 लोग बाहर निकल पाए इसलिए वो बच गए। मैं और मुख्यमंत्री घटनास्थल पर जा रहे हैं। इस घटना के कारणों की हम जांच कर रहे हैं। मृतकों के परिजनों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।

बुलढाणा के एसपी सुनील कडासने ने ‘पीटीआई’ को बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक बस का टायर फट गया और वाहन एक खंभे से टकराता हुआ डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि बस में सवार 33 यात्रियों में से 25 की जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी आठ यात्रियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और वे सुरक्षित हैं।

बुलढाणा बस दुर्घटना पर बस मालिक वीरेंद्र डारना ने बताया कि यह हमारे परिवार की बस है जिसे 2020 में ली थी। यह बस पूरी तरह से नई है जिसके दस्तावेज पूरी तरह से ठीक हैं। बस के चालक के पास भी अच्छा अनुभव है। चालक के अनुसार बस का टायर फटने से बस डिवाइडर पर चढ़ गई और अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों ने आग पकड़ ली। हमारी सूची के मुताबिक बस में करीब 27 यात्री थे।

बुलढाणा में हुए सड़क हादसे में घायल हुए योगेश रामदास गवई भालेगांव ने बताया कि मैं विदर्भ ट्रेवल की बस में बैठा था। हमारी गाड़ी समृद्धी पर दुर्घटना ग्रस्त हुई और गाड़ी पलटने के तुरंत गाड़ी में आग लग गई। हम 3-4 लोग शीशा तोड़कर बाहर आए। हमारे बाहर आते ही गाड़ी में धमाका हो गया। फायर टीम घटना के 10-15 मिनट बाद आई और आग पर काबू पाया।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad