Advertisement

केजरीवाल के दफ्तर पर सीबीआई का छापा, जेटली ने दी सफाई

मुख्यमंत्री ने सीधे नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा, कहा मोदी राजनीतिक बदले से काम कर रही है
केजरीवाल के दफ्तर पर सीबीआई का छापा, जेटली ने दी सफाई

 दिल्ली और केंद्र के बीच राजनीतिक टकराहट ने आज बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके बताया कि सीबीआई ने उनके दफ्तर पर छापा मारकर उसे सील कर दिया है। उधर सीबीआई का कहना है कि छापा अरविंद केजरीवाल के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार के घर और दफ्तर पर मारा गया है।

इस छापे पर अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर कड़ा निशाना साधा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, मोदी राजनीतिक तौर पर मुझसे लड़ नहीं पा रहे हैं तो वे ऐसे लड़ रहे हैं। मोदी कायर और मनोरोगी हैं। उधर, सीबीआई का कहना है कि अरविंद केजरीवाल के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार के घर और दफ्तर पर छापा मारा गया। भ्रष्टाचार का एक मामला था, उसकी जांच के लिए छापा डाला गया। सीबीआई ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दफ्तर में छापेमारी के आरोपों का सीरे खंडन किया है। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने सीबीआई के बयान को सरासर झूठा बताया और कहा कि सीबीआई झूठ बोल रही है। उनके दफ्तर पर छापा मारा है, उनके दफ्तर की फाइलें देखी जा रही हैं। दिल्ली सचिवालय में तीसरे तल पर मुख्यमंत्री का दफ्तर है और यहीं मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार बैठते है।

दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का कहना है कि यह सरासर बदले की राजनीति है। यह दिल्ली के मुख्यमंत्री के दफ्तर पर छापा है, प्रधान सचिव मुख्यमंत्री का स्टाफ है। उन्होंने कहा, यह सरासर गलत है। दिल्ली की जनता देख रही है, देश देख रहा है। आप के नेता संजय सिंह ने कहा, यह लोकतंत्र की हत्या है। केंद्र सरकार गुंडागर्दी कर रही है। यह आंतक पैदा करने की कार्रवाई है। सिंह ने पूछा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ इतने बड़े भ्रष्टाचार के मामले थे, क्या सीबीआई ने वहां छापा डालने की हिम्मत दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी आपातकाल का माहौल बना रहे है। 

जेटली की सफाई-छापों से केजरीवाल का कोई लेना-देना नहीं 

अरविंद केजरीवाल के दफ्तर पर सीबीआई की छापेमारी के मुद्दे पर वित्‍त मंत्री अरुण जेटली को संसद में सफाई देनी पड़ी है। जेटली ने राज्‍यसभा में कहा है कि सीबीआई की छापेमारी का अरविंद केजरीवाल और उनके दफ्तर से कोई लेना-देना नहीं है। इससे पहले सीबीआई की ओर से भी स्‍पष्‍टीकरण आया है केजरीवाल के दफ्तर पर नहीं, बल्कि उनके प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के दफ्तर पर छापा मारा गया है। सीबीआई ने बताया कि पद का दुरूपयोग करने के आरोप में राजेंद्र कुमार के खिलाफ एक केस दर्ज किया गया है।

वित्त मंत्री ने सदन में तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय द्वारा अनुदानों की अनुपूरक मांगों पर चर्चा के दौरान यह मामला उठाने पर कहा कि सीबीआई ने मुख्यमंत्री के कार्यालय पर छापा नहीं मारा है बल्कि सीबीआई ने आज कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर देश में 14 स्थानों पर छापेमारी की है। जेटली ने कहा कि इन तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है और साथ ही उन्होंने सौगत राय से अपील की कि वह गलत सूचना का शिकार न हों। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के  सौगत राय ने आरोप लगाया कि देश में धार्मिक असहिष्णुता ही नहीं बल्कि राजनीतिक असहिष्णुता भी बढ़ रही है और इसी क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री के कार्यालय पर छापा मारा गया है।

छापेमारी में 13 लाख रुपये बरामद 

 

सीबीआई ने बताया कि  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक मामला दर्ज करने के बाद दिल्ली सचिवालय स्थित उनके कार्यालय सहित कई स्थानों पर आज छापे मारे गए। एजेंसी ने दावा किया कि उसने कुमार के आवास से 2.4 लाख रपये समेत कुल 13 लाख रपये बरामद किए हैं। एजेंसी ने राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर प्रदेश में एक साथ करीब 14 स्थानों पर छापे मारे। सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि उसके अधिकारियों का एक दल सुबह दिल्ली सचिवालय पहुंचा जहां केजरीवाल और अन्य मंत्रियों के कार्यालय हैं और उसने इमारत की तीसरी मंजिल पर छापे मारे। राजेंद्र कुमार के खिलाफ दिल्ली संवाद आयोेग के पूर्व सदस्य सचिव आशीष जोशी ने आरोप लगाए थे।

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad