Advertisement

भारत-जापान के बीच इन समझौतों पर हुए हस्ताक्षर, शिंजो आबे बोले- आतंकवाद के साथ मिलकर लड़ेंगे

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के शिलान्यास के बाद पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के बीच गुरुवार को गांधीनगर में हुई द्विपक्षीय वार्ता में दोनों नेताओं के बीच स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा सहयोग बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर सहमती बनी।
भारत-जापान के बीच इन समझौतों पर हुए हस्ताक्षर, शिंजो आबे बोले- आतंकवाद के साथ मिलकर लड़ेंगे

इस दौरान मोदी और आबे ने पाकिस्तान से 2008 में मुंबई में और 2016 में पठानकोट में हुए आतंकवादी हमलों सहित आतंकवादी हमलों के साजिशकर्ताओं को न्याय के घेरे में लाने की भी मांग की। मोदी के साथ हुए वार्ता के बाद शिंजो आबे ने कहा कि हम एक जापान-भारत निवेश सहयोग रुपरेखा पर सहमत हुए हैं। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने मालाबार त्रिपक्षीय नौसैनिक अभ्यास का हवाला देते हुए कहा है कि जापान-भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत किया जाएगा।

वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि विश्वास व उच्च स्तरीय संपर्क हमारे रिश्तों की विशेषता है। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा का शांतिपूर्ण उपायों के लिए उपयोग हेतु हमने करार किया था, इसके लिए मैं जापान के लोगों व वहां की संसद का आभार प्रकट करता हूं।

मोदी और आबे के बीच इन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा-

आतंकी संगठनों के खिलाफ मजबूत करेंगे सहयोग

द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम मोदी और पीएम आबे ने साझा बयान जारी कर कहा भारत और जापान अलकायदा, आइएसआइएस जैसे समूहों और पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा एवं उससे संबंधित संगठनों के खिलाफ सहयोग मजबूत करेंगे।

न्यूक्लियर टेस्ट का हुआ जिक्र

मोदी और आबे ने कड़े शब्दों में उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार बनाने और बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम की आलोचना की। दोनों नेताओं ने हाल ही में 3 सितंबर को नॉर्थ कोरिया की ओर से किए गए न्यूक्लियर टेस्ट का भी जिक्र किया।

भारत और जापान ने उत्तर कोरिया के न्यूक्लियर और मिसाइल प्रोग्राम का समर्थन करने वाले सभी पक्षों की जवाबदेही तय करने की बात कही और नॉर्थ कोरिया से जल्द से जल्द इसे रोकने को कहा।

इंफॉर्मेशन और इंटेलिजेंस पर भी साझेदारी

मोदी-आबे ने साझा बयान में आतंकवाद और चरमपंथी हिंसा के खिलाफ मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी बनाने की बात कही है, जिसमें इंफॉर्मेशन और इंटेलिजेंस साझा किए जाने की भी बात है।  

लैंडमार्क प्रोजेक्ट है मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट

पीएम मोदी ने शिंजो आबे के साथ साझा बयान में कहा कि जापान हमारे लिए एक महत्वपूर्ण सहयोगी है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट एक लैंडमार्क प्रोजेक्ट है। भारत-जापान के रिश्तों में कम्युनिकेशन बहुत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जापान के मेरे पिछले दौरे पर हमने न्यूक्लियर सप्लाई समझौते पर हस्ताक्षर किए। क्लीन एनर्जी और क्लाइमेट चेंज के लिए हमारा प्रयास बहुत ही महत्वपूर्ण है। जापान ने 2016-17 में 4.7 बिलियन डॉलर भारत में निवेश किया है, जोकि पिछले साल के मुकाबले 80 प्रतिशत ज्यादा है। यह दोनों देशों के बीच विश्वास के स्तर को दिखाता है।

'कूल बॉक्स सर्विस' शुरू करने का प्रस्ताव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया पोस्ट और जापान पोस्ट के बीच 'कूल बॉक्स सर्विस' शुरू करने का प्रस्ताव। इसके जरिए भारत में रह रहे जापानी लोग अपने देश से पसंदीदा भोजन मंगा सकेंगे। भारत और जापान के बीच 15 समझौते हुए। मोदी ने कहा कि इससे दोनों देशों की साझेदारी और मजबूत होगी।

भारत में रेस्टोरेंट खोले जापानी फूड इंडस्ट्री

प्रधानमंत्री ने जापान की फूड इंडस्ट्री से भारत में अपने रेस्टोरेंट खोलने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत खुद को बदल रहा है। इसके लिए हमने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आज जिन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। मैं उनका स्वागत करता हूं। 

दांडी कुटीर का किया दौरा

पीएम मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अपने द्विपक्षीय वार्षिक सम्मेलन से पहले गुरुवार को गांधीनगर में दांडी कुटीर में महात्मा गांधी के जीवन और शिक्षाओं पर समर्पित भारत के सबसे बड़े और एक मात्र संग्रहालय का दौरा किया।

यह संग्रहालय गांधी के विचारों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसके अनुसार वर्ग, लिंग, उम्र, समुदाय से परे उठकर हर किसी का समान अधिकार है और यह एक बहुलतावादीसमाज को स्वतंत्रता, पूर्ण स्वराज की ओर बढ़ने की प्रेरणा देने का केंद्र है।

इससे पहले मोदी और आबे ने अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन की आधारशिला रखी। इस रेल परियोजना का निर्माण जापान की सहायता से किया जा रहा है। आबे 12वें भारत-जापान द्विपक्षीय वार्षिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad