Advertisement

तमिलनाडु में पेरियार की मूर्ति तोड़ने का प्रयास, भाजपा कार्यालय पर फेंका पेट्रोल बम

राजनीतिक हिंसा की घटनाएं एक के बाद एक बढ़ती जा रही है। त्रिपुरा में भाजपा की जीत के बाद जहां लेनिन की...
तमिलनाडु में पेरियार की मूर्ति तोड़ने का प्रयास, भाजपा कार्यालय पर फेंका पेट्रोल बम

राजनीतिक हिंसा की घटनाएं एक के बाद एक बढ़ती जा रही है। त्रिपुरा में भाजपा की जीत के बाद जहां लेनिन की  मूर्ति ढहाई गई। वहीं तमिलनाडु में बड़े समाज सुधारक रहे पेरियार की मूर्ति भी तोड़ दी गई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

इस घटना के बाद कोयंबटूर में कुछ अज्ञात लोगों ने भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया। ये घटना कोयंबटूर के चिथापुडुर में सुबह 4 बजे हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिस दौरान ये घटना हुई उस दौरान कार्यालय बंद था, इसलिए किसी भी नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है।

 घटना के बाद तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित गांधीपुरम में लगी पेरियार की एक मूर्ति के पास ऐहतियातन कई सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई।


फेसबुक पोस्ट से शुरु हुआ विवाद

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पेरियार की मूर्ति को तोड़ने की यह घटना भाजपा नेता एच. राजा की एक फेसबुक पोस्ट के बाद हुई है। फेसबुक पोस्ट के बाद मंगलवार रात तमिलनाडु के वेल्लुर में पेरियार की मूर्ति तोड़ने की कोशिश की गई। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव एच राजा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा था कि लेनिन के बाद अब तमिलनाडु में पेरियार की बारी है। एच राजा ने पेरियार को जातिवादी बताया था। लेनिन को लेकर उन्होंने लिखा था कि आखिर लेनिन कौन थे? और उनका भारत से क्या संबंध है? हालांकि विवाद बढ़ने के बाद एच राजा ने फेसबुक पोस्ट को डिलीट कर दिया। फेसबुक पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर बीजेपी नेता ने कहा, मेरे फेसबुक पेज पर वह पोस्ट मेरी अनुमति के बिना किया गया। जब मुझे इसका पता चला तो मैंने तुरंत उस पोस्ट को हटा लिया।

त्रिपुरा में हिंसा का दौर

बता दें कि त्रिपुरा में भाजपा की जीत के बाद से तोड़-फोड़, झड़प और हिंसा का दौर शुरू हो गया है। इस घटना के लिए सीपीआई(एम) भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रही है, तो वहीं भाजपा ने कहा है कि हिंसा का सहारा लेना उसकी परंपरा नहीं है। फिलहाल त्रिपुरा के कई इलाकों में धारा 144 लगा दी गई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad