Advertisement

संजय जोशी ने की मोदी तारीफ, जिम्‍मेदारी मिलने की सुगबुगाहट

कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धुर विरोधी रहे भाजपा नेता संजय जोशी ने सरकार के कामकाज की तारीफ क्या की पार्टी में उनका कद बढ़ गया है। पार्टी के अंदर इस बात की सुगबुगाहट तेज हो गई है कि अब जल्द ही जोशी को बड़ा जिम्मेदारी मिल सकती है।
संजय जोशी ने की मोदी तारीफ, जिम्‍मेदारी मिलने की सुगबुगाहट

मंगलवार को लखनऊ में संजय जोशी ने युवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी को अपना नेता मानते हुए कहा कि मैं तो कार्यकर्ता हूं।गौरतलब है कि संजय जोशी को भाजपा से निकलवाने में मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उसके बाद से जोशी निर्वासित जीवन जी रहे थे। लेकिन बिहार चुनाव में मिली हार के बाद नरेंद्र मोदी का रवैया थोड़ा नरम हुआ। जिसे देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने जोशी को युवा दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में लखनऊ बुलाया। कार्यक्रम में भाजपा के भी कई पदाधिकारी मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान संजय जोशी ने नरेंद्र मोदी को अपना नेता मानते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हमारे नेता हैं और मैं तो एक कार्यकर्ता हूं। जोशी ने तो यहां तक कहा कि स्वामी विवेकानंद की राह पर प्रधानमंत्री चल रहे। जोशी के इस बयान के बाद से प्रदेश भाजपा के नेताओं में उत्साह जगा है। भाजपा के एक नेता कहते हैं कि बिहार चुनाव में मिली हार के बाद से कार्यकर्ताओं का उत्साह कमजोर पड़ गया था। अगर संजय जोशी को उत्तर प्रदेश में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलती है तो पार्टी को ‌बड़ी जीत मिल सकती है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव है और भाजपा संगठन को मजबूत करने की दिशा में ध्यान दे रही है।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad