Advertisement

सीएए पर लोकसभा में कांग्रेस का स्थगन प्रस्ताव, हेगड़े के बयान पर बीजेपी बोली- पार्टी अध्यक्ष लेंगे निर्णय

लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और पार्टी सांसद मनिकम टैगोर ने मंगलवार को सिटीजनशिप...
सीएए पर लोकसभा में कांग्रेस का स्थगन प्रस्ताव, हेगड़े के बयान पर बीजेपी बोली- पार्टी अध्यक्ष लेंगे निर्णय

लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और पार्टी सांसद मनिकम टैगोर ने मंगलवार को सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (सीएए) के कारण देश में ‘भय के वातावरण’ कहते हुए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया है। वहीं, कर्नाटक भाजपा के प्रमुख नलिन कुमार कात्याल ने महात्मा गांधी पर हेगड़े के दिए बयान पर कहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस मामले को देखते हुए उचित कदम उठाएंगे। गौरतलब है कि विपक्षी दलों द्वारा हंगामे के बाद लोकसभा को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। भाजपा नेता अनंत कुमार हेगड़े द्वारा पिछले दिनों महात्मा गांधी पर दिए विवादित बयान के बाद विपक्षी दलों ने हंगामा किया। बता दें कि शनिवार को बेंगलुरु में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा सांसद हेगड़े ने कहा था कि संपूर्ण स्वतंत्रता आंदोलन ‘अंग्रेजों की सहमति और समर्थन के साथ’ किया गया था।

विवादित बोल

पिछले दिनों उत्तर कन्नड़ के भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने महात्मा गांधी पर हमला करते हुए कहा “उनके नेतृत्व में किया गया स्वतंत्रता संग्राम एक ‘नाटक’ था और इन्हें भारत में 'महात्मा' कहा जाता है। इसका मंचन अंग्रेजों की मंजूरी के साथ किया था। यह एक वास्तविक लड़ाई नहीं थी। यह एक समायोजन स्वतंत्रता थी।” जिसके बाद भाजपा के कई शीर्ष नेताओं ने नाखुशी जाहिर की थी।

शाहीन बाग पर विवादित बयान

इससे पहले भी भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने विवादित बयान देते हुए कहा था, “जो कश्मीर में हुआ वही दिल्ली में होगा। प्रदर्शनकारी, आपके घरों में घुस कर आपकी बेटियों और बहनों के साथ बलात्कार करेंगे।” इसके साथ ही एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी ‘गोली मारो...’ जैसे विवादित नारे लगाए थे।

संसदीय दल की हुई बैठक

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संसदीय दल की बैठक मंगलवार को हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर, रमेश पोखरिया और निर्मल सीतारमण सरिखे कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। बैठक में भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी इसमें हिस्सा लिया। गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के बाद जे पी नड्डा की यह पहली संसदीय दल की बैठक है। पार्टी के मुताबिक आज यह बैठक महात्मा गांधी पर पिछले दिनों अनंत कुमार हेगड़े की विवादास्पद टिप्पणी के बाद आयोजित की गई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad