Advertisement

एमपी: मतदान के बीच महू में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े; मुरैना में पथराव, मेहगांव में भी गोलीबारी

मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर जारी मतदान के बीच कई जगह से हिंसक झड़पों की खबरें सामने आईं।...
एमपी: मतदान के बीच महू में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े; मुरैना में पथराव, मेहगांव में भी गोलीबारी

मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर जारी मतदान के बीच कई जगह से हिंसक झड़पों की खबरें सामने आईं। मतदान के बीच महू में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भिड़ंत हो गई। वहीं, राजनगर निर्वाचन क्षेत्र में दो समूहों के बीच लड़ाई के बाद कांग्रेस उम्मीदवार के एक सहयोगी की मौत हो गई और मुरैना से पथराव तथा मेहगांव से गोलीबारी की सूचना सामने आई।

महू में भिड़े भाजपाई और कांग्रेसी

समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारी के हवाले से कहा कि इंदौर जिले के महू क्षेत्र में दो समूहों के बीच झड़प में पांच लोग घायल हो गए। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस द्वारा ट्वीट कर कहा गया कि भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया है।

मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में गोलीबारी

इस बीच मध्य प्रदेश के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की गोलीबारी कर दी गई, जिसमें एक भाजपा उम्मीदवार और एक आम आदमी पार्टी (आप) समर्थक घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

राजनगर विधानसभा क्षेत्र में एक की मौत

छतरपुर के पुलिस अधीक्षक अमित सांघी के अनुसार, शुक्रवार तड़के राजनगर निर्वाचन क्षेत्र में दो राजनीतिक नेताओं के समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसमें एक सलमान की मौत हो गई। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह उर्फ नाती राजा ने आरोप लगाया है कि सलमान उन्हें घुमाते थे। हालांकि, बीजेपी उम्मीदवार अरविंद पटेरिया ने इस घटना को साजिश करार दिया और इसकी न्यायिक जांच की मांग की।

दिमनी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र के पास पथराव

मुरैना के मिरघान में दिमनी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 147-148 पर दो पक्षों के बीच पथराव होने से हिंसा की खबर है। पथराव में एक व्यक्ति घायल हो गया। स्थिति अब नियंत्रण में है। डीएसपी विजय सिंह भदोरिया ने कहा, ''आज सुबह सूचना मिली कि दो पक्षों में झगड़ा हो गया और पथराव हो गया है। पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को वहां से हटाया। एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी है। अभी शांति है। कुछ ग्रामीणों ने गोलीबारी की शिकायत भी की है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।''

दिग्विजय सिंह का आरोप

इन सभी हिंसक घटनाओं के बीच दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। सिंह ने कहा, "छतरपुर के राजनगर में एक घटना हुई है, जहां हमारे एक कार्यकर्ता को भाजपा प्रत्याशी ने अपनी गाड़ी से कुचल दिया। पुलिस ने अभी तक न तो गाड़ी जब्त की है और न ही प्रत्याशी को गिरफ्तार किया है। खुलेआम गुंडागर्दी हो रही है। भाजपा अध्यक्ष के शिष्य वहां से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने वहां अवैध रेत खनन किया है। मैंने कलेक्टर-एसपी से बात की है। हमारी पार्टी चुनाव आयोग को भी इस बारे में रिपोर्ट दे रही है। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।"

कांग्रेस नेता ने आगे आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है। सिंह ने कहा, "मैं पुलिस प्रशासन की निंदा करता हूं और मेरा आरोप है कि वे (पुलिस प्रशासन) दबाव में काम कर रहे हैं।"

इस बीच मुरैना जिले में हुई हिंसा की घटना पर बोलते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने एसपी और कलेक्टर से बात की है और एसपी ने कहा कि वहां शांति है। उन्होंने कहा, "मैंने एसपी और कलेक्टर से बात की। वहां एक घटना हुई लेकिन एसपी का कहना है कि अब वहां शांति है और मतदान सुचारू रूप से हो रहा है।"

बता दें कि प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर आज एक ही चरण में मतदान होना है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का नतीजा अन्य चार राज्यों के सात तीन दिसंबर को आएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad