Advertisement

हिमाचल प्रदेश: सुक्खू की जगह कोई और बनेगा सीएम? भाजपा ने किया ये दावा

हिमाचल प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश के...
हिमाचल प्रदेश: सुक्खू की जगह कोई और बनेगा सीएम? भाजपा ने किया ये दावा

हिमाचल प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बदलने के लिए कांग्रेस के तीन नेता कतार में हैं। सोलन में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बहुमत होने के बावजूद राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार यह संकेत देती है कि लोगों को मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है और सरकार में बदलाव तय है।

उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल के नेतृत्व ने राज्यसभा चुनाव के बाद हिमाचल प्रदेश का दौरा किया और टिप्पणी की है कि मुख्यमंत्री राज्य में चीजों को प्रबंधित करने में असफल रहे हैं और एक नए नाम पर विचार-विमर्श होना चाहिए। ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक थे, इसलिए कांग्रेस नेताओं को इंतजार करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं को उम्मीद है कि सुक्खू को हटा दिया जाएगा और उन्हें मौका मिलेगा।

हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए चौंकाने वाले उलटफेर में भाजपा ने राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट जीत ली और उसके उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कांग्रेस के दिग्गज अभिषेक मनु सिंघवी को हरा दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर ने दावा किया कि राज्य की मौजूदा स्थिति के लिए सुक्खू जिम्मेदार हैं और उन्हें भाजपा को दोष देना बंद करना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और मंडी से मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ता हतोत्साहित हैं।

मंडी लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत के गोमांस नहीं खाने संबंधी टिप्पणी के बारे में ठाकुर ने कहा कि जब उन्होंने ऐसा कह दिया है, तो मामला वहीं खत्म हो जाता है। उन्होंने कहा, “क्या किसी ने कंगना को गोमांस खाते हुए देखा है? अगर यह मुद्दा बार-बार उठाया गया तो हम निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगे।”

हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रमुख राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता से हटाना है। उन्होंने कहा, दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मोदी का ध्यान सिर्फ देश के विकास पर है। बिंदल और ठाकुर ने विश्वास जताया कि पार्टी राज्य की सभी चार लोकसभा सीट पर विजयी होगी और आम चुनाव में 400 संसदीय सीट जीतने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगी। इससे पहले, सोलन में भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र चुनाव प्रबंधन समिति द्वारा आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव में कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad