Advertisement

कर्नाटक चुनाव: भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल, नेताओं ने बताया- ऐतिहासिक दिन

कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती चल रही है। शुरूआती रुझानों भाजपा बहुमत की ओर है। भाजपा...
कर्नाटक चुनाव: भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल, नेताओं ने बताया- ऐतिहासिक दिन

कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती चल रही है। शुरूआती रुझानों भाजपा बहुमत की ओर है। भाजपा 112, कांग्रेस 68 जेडीएस 38 सीटों पर आगे है।

इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो चुकी हैं। भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने ईवीएम पर सवाल खड़े किए। लेकिन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। कई केंद्रीय मंत्री नतीजों के बाद मिठाई बांटते नजर आए।

भाजपा की प्रतिक्रिया

छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह ने कहा है, ‘यह भाजपा के लिए ऐतिहासिक विजय है। कर्नाटक की जनता को भाजपा को वोट देने के लिए शुक्रिया। अब देश में कांग्रेस खोजो अभियान चलेगा। कहां रहेगी पता नहीं।‘ उनका निशाना छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के ‘विकास खोजो अभियान’ पर था।

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'यह विजय ऐतिहासिक है। कर्नाटक की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की विकास की बात को स्वीकार किया। हर समुदाय, हर विचारधारा, हर आस्था के लोगों ने भाजपा में अपना भरोसा दिखाया है। पीएम मोदी पर लोगों की आस्था है कि वह विकास का महायज्ञ करेेंगे। अमित शाह जी ने बूथ मैनेजमेंट किया। आज हमारे लिए विनम्रता का दिन है लेकिन फिर भी मुद्दों को भटकाने की कोशिश की गई। देश की जनता जब परिपक्व फैसला दे तब उसका स्वागत करना चाहिए।'

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, 'कर्नाटक के लोग अच्छी सरकार चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने भाजपा को चुना है। कांग्रेस लगातार राज्य पर राज्य हार रही है और हम लगातार जीत रहे हैं।'

उन्होंने कहा, 'हमारे कुछ मित्र हमारी कितनी परीक्षा लेंगे। ये लोग बंगाल की हिंसा पर चुप रहते हैं लेकिन मोदी जी और अमित शाह जी से बड़े-बड़े सवाल करते हैं।'

चामुण्डेश्वरी सीट पर कांग्रेस के सीएम उम्मीदवार सिद्दारमैया पीछे चल रहे हैं। जेडीएस उम्मीदवार जीटी देवेगौड़ा यहां आगे हैं। उन्होंने कहा, लोगों ने सिद्दारमैया को खारिज कर दिया है। वह अपने व्यवहार की, हर किसी पर वार करने और हल्की बातों की वजह से हारे हैं।

शिवसेना ने उठाया ईवीएम पर सवाल 

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोलते हुए ईवीएम पर सवाल उठाए। उद्धव ठाकरे ने कहा, 'सिर्फ एक बार भाजपा बैलेट पेपर से चुनाव करे। सारे शक दूर हो जाएंगे।'

कांग्रेस की प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब हर पार्टी को ईवीएम पर शक है तो भाजपा को बैलेट पेपर से चुनाव करवाने में क्या दिक्कत है?

कर्नाटक में मंत्री डीके शिवकुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा, 'राहुल गांधी ने अपना बेस्ट दिया है। ये तो हम हैं जो चुनाव हार गए। स्थानीय नेतृत्व को ढंग से काम करना चाहिए था।'

भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

बेंगलुरू में भाजपा कार्यालय के बाहर कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं।

राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा की 222 सीटों पर 12 मई को मतदान हुआ था। आरआर नगर सीट पर चुनावी गड़बड़ी की शिकायत के चलते मतदान स्थगित कर दिया गया था। जयनगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार के निधन के चलते मतदान टाल दिया गया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad