भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को जींद से हरियाणा में आगामी विधानसभा के चुनाव अभियान का आगाज कर दिया है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने 75 दिन में सरदार पटेल के सपने को पूरा किया। उन्होंने कहा कि 70 साल तक कांग्रेस की सरकार वोट बैंक के लालच में जो काम नहीं कर पाई, मोदी सरकार ने 75 दिन में उसे कर दिखाया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने 370 वोटों से 370 को हटाया। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद बीरेंद्र सिंह ने मोदी और शाह को राम और लक्ष्मण की जोड़ी बताया।
जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, इसका मुझे भरोसा है। अमित शाह ने कहा कि मैं विधानसभा चुनाव में आया आपने बहुमत की सरकार बना दी, लोकसभा चुनाव में आया और हरियाणा की जनता ने 300 पार करा दिया। इस बार भी जब चुनाव होगा तो हरियाणा की जनता पीएम मोदी को आशीर्वाद देगी।
हरियाणा को दिया ज्यादा पैसा
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार विहीन शासन खट्टर ने किया, जिससे हरियाणा का नाम पूरे देश में रोशन हुआ। सब लाल जाने के बाद जब हमारा लाल आया तो हरियाणा से जातिवाद खत्म हो गया। रैली के दौरान अमित शाह चौटाला परिवार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि 50 हजार युवाओं को घर में नौकरी पहुंचाई। पहली की सरकारों से ढाई गुणा ज्यादा पैसा केंद्र सरकार ने हरियाणा को दिया है।
370 हटाने का जताया आभार
रैली के आयोजक पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने अमित शाह को 'स्टील मैन' करार दिया। अमित शाह का रैली स्थल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला और बीरेंद्र सिंह ने अगवानी की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के लिए उनका आभार जताया।
रैली को हरियाणा के परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार और राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर सहित कई नेताओं ने अब तक संबोधित किया। रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की पत्नी विधायक प्रेमलता व सांसद पुत्र बृजेंद्र सिंह, हरियाणा के परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला, राज्य के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, कैबिनेट मंत्री कविता जैन, राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर, हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ भी मौजूद थे।