Advertisement

भाजपा मंत्री ने किया बीयर बार का उद्घाटन, विवादों में फंसी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की एक मंत्री के द्वारा किए गए एक बीयर बार के उद्घाटन की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण राज्य मंत्री स्वाति सिंह एक बीयर बार का फीता काटते दिख रही हैं।
भाजपा मंत्री ने किया बीयर बार का उद्घाटन, विवादों में फंसी योगी सरकार

भाजपा नेता स्वाति सिंह ने हाल ही में लखनऊ में ‘बी द बीयर’ का फीता काटा। ये बीयर बार राजधानी के गोमतीनगर इलाके में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक मंत्री स्वाति सिंह ने बीयर बार का उद्घाटन 20 मई को किया था। बताया जा रहा है कि बार की मालकिन स्वाति सिंह की सहेली हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों के लिए लोग स्वाति सिंह को खरी-खरी सुना रहे है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनते ही कई जिलों में महिलाओं ने  शराब के खिलाफ प्रदर्शन किया था। लेकिन अब मंत्री और उत्तरप्रदेश भाजपा में महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्वाति सिंह के इस उद्घाटन कार्यक्रम से लोग हैरान हैं।

गौरतलब है कि स्वाति सिंह तब चर्चा में आई थीं जब बसपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर उनको गालियां देने के आरोप लगे थे। स्वाति के पति और दयाशंकर सिंह ने बसपा सुप्रीमो मायावती के बारे में अभद्र बातें कह दी थी। जिसके जवाब में लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे बीएसपी नेताओं ने भी दयाशंकर की पत्नी को लेकर अभद्र नारे लगाए थे।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad