Advertisement

केजरीवाल का राहुल गांधी को प्रस्ताव, हरियाणा में भाजपा को हराने के लिए साथ लड़ें चुनाव

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर राहुल गांधी को गठबंधन...
केजरीवाल का राहुल गांधी को प्रस्ताव, हरियाणा में भाजपा को हराने के लिए साथ लड़ें चुनाव

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर राहुल गांधी को गठबंधन का प्रस्ताव किया है। उन्होंने इस बार दिल्ली के लिए नहीं बल्कि हरियाणा में हाथ मिलाने की बात कही है। केजरीवाल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी को हराने के लिए सभी दलों को एक साथ आना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को इस पर विचार करने के लिए कहा है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है- 'देश के लोग अमित शाह और मोदी की जोड़ी को हराना चाहते हैं। अगर हरियाणा में जेजेपी, आप  और कांग्रेस साथ लड़ते हैं तो हरियाणा की सभी 10 सीटों पर भाजपा हारेगी। राहुल गांधी इस पर विचार करें।'

'देश के लिए खतरनाक है मोदी-शाह की जोड़ी'

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नरेद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी देश के लिए बहुत खतरनाक है। इन्हें हराना महत्वपूर्ण है। देश दो तरफ बंट गया है। एक तरफ वो लोग हैं जो पीएम मोदी के लिए समर्पित हैं और उन्हें वोट देना चाहते हैं और वहीं दूसरी तरफ वो लोग शामिल है जो पीएम मोदी को हराना चाहते हैं। पीएम मोदी को हराने वालों की संख्या बहुत बड़ी है। लेकिन वो खुद में ही बंटे हुए हैं। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी इसलिए जीतती है कि क्योकि ये लोग बंटे हुए हैं।

दिल्ली में नहीं बनी थी बात

इससे पहले आम आदमी पार्टी की तरफ से दिल्ली में कांग्रेस से हाथ मिलाने की कोशिश की गई थी लेकिन कांग्रेस ने इसे साफ इंकार कर दिया। जिससे नाराज होकर अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि दोनों कांग्रेस और भाजपा के बीच अपवित्र गठबंधन है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी अहंकारी हो गई है। अगर उनका ऐसा ही रवैया रहा तो उनके उम्मीदवार जमानत तक गंवा बैठेंगे। 

केजरीवाल ने दावा किया था कि मीडिया में कांग्रेस की तरफ से लगातार गठबंधन की जानकारी आ रही है। हमारे अंदरूनी सर्वे के मुताबिक, पूर्ण राज्य के मुद्दे पर कांग्रेस के साथ जाए बिना सातों सीट जीत रहे हैं।

जेजेपी और आप का है गठबंधन

अभी हाल में ही अजय चौटाला के बेटे दुष्यंत चौटाला ने इनेलो से अलग होकर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) बनाई है। हरियाणा में आप का इस पार्टी से गठबंधन है। जींद में हुए विधानसभा के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने जननायक जनता पार्टी(जेजेपी) का समर्थन किया था। इस चुनाव में जेजेपी दूसरे नंबर पर थी जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर चली गई थी।

दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है और  दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटों पर आम आदमी पार्टी का कब्जा है। दिल्ली की सातों और हरियाणा की 10 सीटों पर पर छठे चरण में 12 मई वोट डाले जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad