Advertisement

कर्नाटकः कुमारस्वामी आज लेंगे सीएम पद की शपथ, मंच पर दिखेगी विपक्षी एकता की झलक

कर्नाटक की राजनीति में खींचतान अब थमती नजर आ रही है। बुधवार को जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार राज्‍य की...
कर्नाटकः कुमारस्वामी आज लेंगे सीएम पद की शपथ, मंच पर दिखेगी विपक्षी एकता की झलक

कर्नाटक की राजनीति में खींचतान अब थमती नजर आ रही है। बुधवार को जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार राज्‍य की कमान संभालने जा रही है। मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री शाम साढ़े चार बजे एक साथ शपथ लेंगे। जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री और कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष जी परमेश्वर उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बता दें कि  विधानसभा के स्पीकर का पद भी कांग्रेस के खाते में गया है, जबकि डिप्टी स्पीकर जेडीएस से होगा। गुरुवार को केआर रमेश कुमार को स्पीकर चुना जाएगा।

कुमारस्वामी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद गुरुवार को विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। फ्लोर टेस्ट के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

मंगलवार को कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस-जेडीएस की बैठक के बाद बताया कि दोनों दलों के नेताओं की बैठक में कैबिनेट का जो फॉर्मूला बना उसके अनुसार 34 मंत्रियों में 22 मंत्री कांग्रेस के और मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री जेडीएस के होंगे। मंत्रियों के विभागों का बंटवारा विश्वासमत हासिल करने के बाद किया जाएगा।

विपक्षी ताकत

शपथ ग्रहण समारोह में संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, माकपा नेता सीताराम येचुरी, अभिनेता से नेता बने कमल हासन सहित विरोधी दलों के कई दिग्गज शामिल होंगे।

104 के मुकाबले 37+78

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु विधानसभा बनने के बाद कांग्रेस और जेडीएस ने चुनाव बाद गठबंधन बनाया है। भाजपा 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, लेकिन वह बहुमत से दूर रह गई। कांग्रेस को 78 सीटें मिलीं, जबकि जेडीएस ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की। जेडीएस से मिलकर चुनाव लड़ने वाली बसपा ने भी एक सीट हासिल की है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad