गुजरात में मंत्रिमंडल विस्तार से एक दिन पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। सभी मंत्रियों ने सीएम पटेल को ही अपना इस्तीफा सौंप दिया।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने भाजपा सूत्रों के हवाले से यह जानकारी साझा की।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही थी। इस बीच, राज्य सरकार ने गुरुवार सुबह ही घोषणा कर दी थी कि सीएम पटेल शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।
भाजपा के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि पार्टी ने सभी 16 मंत्रियों के इस्तीफे ले लिए हैं। सूत्र ने कहा, "मुख्यमंत्री पटेल को छोड़कर सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है।"
बता दें कि आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार सुबह 11.30 बजे होगा।
विदित हो कि वर्तमान मंत्रिपरिषद में सीएम पटेल सहित 17 सदस्य हैं। इनमें से आठ कैबिनेट स्तर के मंत्री हैं जबकि अन्य राज्य मंत्री (एमओएस) हैं।
गुजरात, जिसकी विधानसभा 182 सदस्यीय है, में अधिकतम 27 मंत्री हो सकते हैं (सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत)।
इस महीने की शुरुआत में, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल की जगह राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा राज्य भारतीय जनता पार्टी इकाई के नए अध्यक्ष बने। भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री बने।