Advertisement

केजरीवाल कल छोड़ेंगे दिल्ली का मुख्यमंत्री आवास, इस सांसद के घर में परिवार संग रहेंगे

दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को आधिकारिक...
केजरीवाल कल छोड़ेंगे दिल्ली का मुख्यमंत्री आवास, इस सांसद के घर में परिवार संग रहेंगे

दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास खाली कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह 5, फिरोजशाह रोड स्थित बंगले में स्थानांतरित होंगे, जो वर्तमान में आप के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को आवंटित है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने इस कदम की पुष्टि करते हुए कहा, "अरविंद केजरीवाल 5, फिरोजशाह रोड पर पार्टी सांसद अशोक मित्तल को आवंटित बंगले में स्थानांतरित होंगे।"

उल्लेखनीय है कि सूत्रों के अनुसार मित्तल ने स्वयं अरविंद केजरीवाल को अपने आवास में शिफ्ट होने का प्रस्ताव दिया था।

इससे पहले पार्टी ने कहा था, "अरविंद केजरीवाल ऐसी संपत्ति की तलाश में हैं जो विवाद मुक्त हो और वहां रहने में कोई समस्या न हो।"

आप ने बयान में कहा, "आप संयोजक अरविंद केजरीवाल जल्द ही मुख्यमंत्री आवास छोड़ देंगे और उनके लिए नए घर की तलाश तेज कर दी गई है। वह लोगों से जुड़े रहने के लिए नई दिल्ली के आसपास रहने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जहां से वह विधायक हैं। कई विधायक, पार्षद, पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग आप प्रमुख को अपने घर देने की पेशकश कर रहे हैं।"

उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसके बाद आतिशी ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। 

बता दें कि आप प्रमुख को आबकारी नीति मामले में तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा किए जाने के कुछ दिनों बाद ही यह कदम उठाया गया था।

केजरीवाल ने कहा कि वह तभी पद पर लौटेंगे जब उन्हें दोबारा जनादेश और फरवरी 2025 में होने वाले विधानसभा चुनावों में दिल्ली की जनता से "ईमानदारी का प्रमाण पत्र" मिलेगा।

आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल द्वारा पद का उत्तराधिकारी घोषित किये जाने के बाद आतिशी ने 22 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

केजरीवाल के प्रति भावुक होते हुए आतिशी ने अपनी सीएम कुर्सी के बगल में एक खाली कुर्सी रखते हुए कहा, "यह कुर्सी अरविंद केजरीवाल की है। आज मैंने दिल्ली के सीएम के रूप में कार्यभार संभाला है। आज मेरे दिल में वही दर्द है जो भरत जी के दिल में था। जैसे भरत जी ने भगवान श्री राम की पादुकाएं रखकर काम किया, वैसे ही मैं अगले चार महीने के लिए सीएम का कार्यभार संभालूंगी।"

उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में लौटने पर विश्वास जताया। गौरतलब है कि 43 साल की उम्र में आतिशी ने सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के नक्शेकदम पर चलते हुए दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad