Advertisement

कर्नाटक में इन दस मंत्रियों को झेलनी पड़ी हार

कर्नाटक में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति के बीच राज्य के अधिकतर दिग्गज नेता अपना गढ़ बचाने में सफल रहे,...
कर्नाटक में इन दस मंत्रियों को झेलनी पड़ी हार

कर्नाटक में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति के बीच राज्य के अधिकतर दिग्गज नेता अपना गढ़ बचाने में सफल रहे, हालांकि राज्य के दस निवर्तमान मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा।

चामुंडेश्वरी सीट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को भी करारी हार झेलनी पड़ी। हालांकि वह मामूली अंतर से बादामी सीट बचाने में कामयाब रहे।

भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा शिकारीपुरा सीट जीतने में कामयाब रहे और जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी भी रामनगर और चन्नापटना से जीत हासिल की।

 समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक राज्य सरकार के मंत्रियों की बात करें तो टी नरसीपुरा सीट पर सिद्धरमैया के करीबी एच सी महादेवप्पा को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जेडीएस के एम अश्विन कुमार को हराया। इसके अलावा रामनाथ राय, एच अंजान्या, एस पी आर पाटिल, एसएस मल्लिकार्जुन, कादुगो थिमप्पा, बी रायारेड्डी, आर लमानी और प्रमोद माधवराज को भी हार का सामना करना पड़ा।

अन्य प्रमुख कांग्रेस नेताओं में कर्नाटक के निर्वतमान गृह मंत्री रामलिंग रेड्डी, आर. रोशन बेग, एन ए हैरिस, सिद्धरमैया के बेटे यतीन्द्र एस और लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र प्रियांग खड़गे ने जीत दर्ज की। हालांकि वरिष्ठ पार्टी नेता एस आर पाटिल को हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री के एस ईश्वरप्पा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के के.बी.प्रसन्न कुमार को 46,107 मतों के भारी अंतर से हराया।

विवादित रेड्डी बंधुओं ने भी जीत दर्ज की। बेल्लारी सिटी से भाजपा उम्मीदवार जी. सोमशेखर रेड्डी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अनिल एच लाड को 16,155 मतों से पराजित किया। उनके भाई और भाजपा उम्मीदवार जी. करुणाकर रेड्डी ने हरपनहल्ली सीट से कांग्रेस के एम पी रवीन्द्र को 9647 वोटों से हराया।

जेडीएस के जी टी देवगौड़ा ने सिद्धरमैया को 36,042 वोटों से हराया। हालांकि बादामी सीट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री को मामूली अंतर से जीत मिली। इस सीट पर उन्होंने भाजपा के बी. श्रीरामुलू को 1,696 मतों के अंतर से हराया।

निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बेटे यतीन्द्र एस ने वरुना सीट जीती। उन्होंने भाजपा के टी बसावराजू को 58,616 मतों से हराया।

वहीं येदियुरप्पा ने शिकारीपुरा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के गोनी मालतेसा को 35,397 मतों के अंतर से हराया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad