Advertisement

सपा परिवार में सब कुछ ठीक नहीं, मुलायम ने आजमगढ़ रैली स्थगित की

उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी ने छह अक्तूबर को आजमगढ में होने वाली पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव की रैली को अचानक रद्द कर दिया जिससे ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि सत्तारूढ परिवार में अब भी सब कुछ पटरी पर नहीं लौटा है।
सपा परिवार में सब कुछ ठीक नहीं, मुलायम ने आजमगढ़ रैली स्थगित की

सपा के एक नेता ने लखनऊ में आज बताया, पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव की छह अक्तूबर को आजमगढ़ में होने वाली रैली रद्द कर दी गई है। रैली की नई तारीख की जानकारी शीघ्र ही तय होगी। उन्होंने बताया कि रैली को रद्द करने का फैसला स्वयं मुलायम सिंह यादव ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और रैली के प्रभारी सरकार के वरिष्ठ मंत्री बलराम यादव से बातचीत के बाद लिया है। सपा मुखिया आजमगढ से सांसद हैं जबकि बलराम यादव विधायक है। हालांकि आजमगढ में छह अक्तूबर को होने वाली रैली की तैयारियां जोर- शोर से चल रही थी और माना जा रहा था कि पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव उसी रैली से प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव अभियान का बिगुल फूंकने वाले थे।

इससे पहले सत्तारूढ समाजवादी पार्टी परिवार में पैदा हुए तनाव के दौरान 17 सितंबर को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीन अक्तूबर से पूर्व घोषित अपने विकास से विजय की ओर अभियान को टाल दिया था। उन्होंने कहा था, अब मैं चार अक्तूबर को कानपुर में प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास करूंगा। विकास से विजय की ओर यात्रा अब बाद में किसी तारीख को शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा था, दिशा और दशा देखने के बाद तय किया जाएगा कि यह यात्रा कब और कहां से शुरू करना ठीक होगा। अखिलेश द्वारा विकास से विजय यात्रा स्थगित करने के बाद समाजवादी पार्टी ने छह अक्तूबर को आजमगढ रैली की घोषणा की थी, जहां से सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव पार्टी का चुनावी अभियान शुरू करने वाले थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad