Advertisement

टला नहीं है कांग्रेस का सत्रः सुरजेवाला

राहुल गांधी के अगले महीने तक कांग्रेस अध्यक्ष बनने की चर्चाओं के बीच पार्टी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सत्र को सितंबर तक के लिए टाल देने की खबर को गलत और अनावश्यक अटकल करार दिया है।
टला नहीं है कांग्रेस का सत्रः सुरजेवाला

पार्टी के संचार इकाई के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा,  मीडिया के एक वर्ग में कांग्रेस का सत्र सितंबर के लिए टलने की बात करने वाली खबर गलत है और अनावश्यक अटकल है जिसका उद्देश्य राजनीतिक भ्रम उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्र की तिथि पर जैसे ही निर्णय होगा हम सभी संबंधित लोगों को सूचित कर देंगे।

सुरजेवाला की प्रतिक्रिया यह खबर आने के बाद आई कि कांग्रेस में शीर्ष स्तर पर परिवर्तन सितंबर से पहले होने की उम्मीद नहीं है क्योंकि पार्टी आलाकमान ने कांग्रेस के सत्र को टाल दिया है जो पहले इसी महीने आयोजित होने वाला था।

खबरों में कांग्रेस के सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव करने के लिए एक विशेष सत्र बुलाने का एक प्रस्ताव था जो कि कांग्रेस में एक बड़े वर्ग की भावनाओं को प्रतिबिंबित करता। सूत्रों ने कहा था, कांग्रेस अध्यक्ष एक विशेष सत्र बुलाने के लिए अपनी विवेकाधीन शक्तियों का इस्तेमाल कर सकती हैं लेकिन अब ऐसी कोई योजना नहीं है।

राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने और नए तरीके से काम करने तथा कई चुनावों में हार के बाद संगठनात्मक बदलाव की उन्हें छूट देने को लेकर अलग-अलग आवाजें उठती रही हैं। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं ने खुले तौर पर कहा है कि यह बिल्कुल सही समय है जब राहुल को शीर्ष पद पर आसीन हो जाना चाहिए। हालांकि अमरिंदर सिंह और संदीप दीक्षित जैसे नेताओं ने सोनिया गांधी के नेता बने रहने पर जोर दिया है। राहुल गांधी के वापस आने के बाद अगले कांग्रेस अध्यक्ष के मुद्दे पर चर्चा एक बार फिर तेज होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad