Advertisement

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, अधीर रंजन बोले- कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है

पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव को लेकर हिंसा तेज हो गई है। बंगाल में पंचायत चुनाव के नामांकन के पहले...
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, अधीर रंजन बोले- कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है

पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव को लेकर हिंसा तेज हो गई है। बंगाल में पंचायत चुनाव के नामांकन के पहले दिन शुक्रवार को मुर्शिदाबाद के खरग्राम में बदमाशों ने कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक का नाम फूलचांद शेख है। इस घटना में एक महिला समेत चार कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए।

कांग्रेस ने तृणमूल पर हमले का आरोप लगाया है, जबकि सत्ताधारी दल ने इस घटना में शामिल होने से साफ इनकार किया है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर में फूलचांद शेख कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अपने घर के सामने बैठे थे, तभी कुछ बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या को लेकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस समर्थित बदमाशों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में जंगलराज चल रहा है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। इस घटना को लेकर उन्होंने राजपाल से भी शिकायत की है। वहीं दूसरी ओर राज्य चुनाव आयुक्त ने इस घटना को लेकर जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है।

दूसरी ओर तृणमूल नेता जयप्रकाश मजूमदार ने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि इस घटना से तृणमूल कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं है। व्यक्तिगत रंजिश या फिर किसी और वजह से हत्या की गई है। मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में 8 जुलाई को पंचायत चुनाव होने हैं।

 
 
 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad