सउदी अरब में चुनाव में पहली बार महिलाएं मतदाता और प्रत्याशी के रूप में आज मतदान में हिस्सा ले रही हैं। यह लैंगिक आधार पर महिलाओं के साथ भेदभाव कम करने की दिशा में एक अहम कदम है।
लोकसभा में आज विभिन्न दलों के सदस्यों ने मांग की कि देश के मंदिरों, वक्फ बोर्डों और विभिन्न ट्रस्टों के पास पड़ी हजारों करोड़ की संपदा का इस्तेमाल समाज कल्याण योजनाओं में किया जाय। यही नहीं सरकार ट्रस्टों समेत देश में कार्यरत एनजीओ सेक्टर की लगातार निगरानी सुनिश्चित करे।
भारत अपने यहां पहली बुलेट ट्रेन प्रणाली के लिए इस सप्ताह जापान के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने की तैयारी में है। मुंबई-अहमदाबाद के बीच उच्च गति वाली रेल परियोजना के लिए जापान आठ अरब डॉलर कर्ज देगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे और आखिरी टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम पहली पारी में 334 रन पर आउट हो गई। अजिंक्य रहाणे ने 127 और आर अश्विन ने 56 रन बनाए।
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ कहासुनी के बाद फतेहाबाद जिले की पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया का आज तबादला कर दिया गया। तबादले को लेकर विज के खिलाफ जहां विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है वहीं सोशल मीडिया पर लोग तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह फिर अपने बोल को लेकर विवादों में हैं। इस बार उन्होंने देश में असहिष्णुता को लेकर छिड़ी बहस पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भारत में असहिष्णुता पर बहस उन लोगों ने छेड़ी जिन्हें इस काम के लिए पैसे दिए गए और यह बहस कुछ ज्यादा ही कल्पनाशील लोगों के दिमाग की गैर जरूरी उपज है और खास बिहार चुनाव से पहले राजनीति से प्रेरित होकर शुरू कर गई थी।
क्रिकेट को वैश्विक खेल बनाने की कवायद में भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर कल से शुरू हो रही तीन मैचों की पहली आल स्टार्स सीरिज के जरिये पहली बार अमेरिकी सरजमीं पर खेलेंगे। सचिन तेंदुलकर और आस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वार्न आज न्यूयार्क स्टाक एक्सचेंज की ओपनिंग बेल बजाएंगे और दुनिया के सबसे बड़े स्टाक एक्सचेंज में यह रस्म अदा करने वाले वे पहले क्रिकेटर हैं।
नेपाल की संसद ने कम्युनिस्ट नेता विद्या देवी भंडारी को नेपाल की पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में चुना है। बीते सितंबर में ही देश की संसद ने नेपाल ने नए संविधान को मंजूरी दी थी।
अपने भिन्न विचारों को व्यक्त करने के लिए कुछ लोगों द्वारा तोड़फोड़ का मार्ग अपनाने और संवेदनशील मुद्दों पर अनाप-शनाप बयानबाजी को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बेहद परेशान करने वाला चलन करार दिया है। उन्होंने कहा कि चर्चा करने और अपनी बात रखने का एक उपयुक्त सभ्य तरीका होना चाहिए। इस तरह जेटली ने इशारों-इशारों में शिवसेना की तोड़फोड़ की राजनीति पर निशाना साधा है।