26/11 के मुंबई हमलों के सात साल बाद भारत और पाकिस्तान के बीच गतिरोध खत्म हुआ है और दोनों देश व्यवस्थित तरीके से बातचीत को तैयार हो गए हैं। हार्ट ऑफ एशिया' सम्मेलन के लिए पाकिस्तान गईं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया कि दोनों देशों ने समग्र वार्ता शुरू करने का फैसला ले लिया है। इस घटनाक्रम को सुषमा स्वराज की पाकिस्तान यात्रा की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अगले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने पाकिस्तान जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने आज सभी राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों को पूर्व में जारी किए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप तेजाब हमले के पीड़ितों के लिए मुआवजा, पुनर्वास और निःशुल्क चिकित्सा की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति एम.वाई. इकबाल और न्यायमूर्ति सी नगप्पन की एक पीठ ने बिहार की तेजाब हमले की एक पीड़िता के मामले की सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया।
दिल्ली पुलिस को लश्कर ए तैयबा के दो सदस्यों की तलाश है जिन्होंने विशिष्ट लोगों को निशाना बनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में आत्मघाती हमले करने की साजिश रची है। पुलिस सूत्र से मिली जानकारी में बताया गया है कि इस साजिश का खुलासा उस वक्त हुआ जब दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो संदिग्ध सदस्यों दुजाना और उकाशा के भारत में घुसपैठ करने के बारे में खुफिया सूचना मिली।
सात साल पहले मुंबई में 26 नवंबर के दिन भीषण आतंकी हमलों को आज पूरा देश याद कर रहा है। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कई अन्य हस्तियों ने दक्षिण मुंबई में पुलिस जिमखाना स्थित 26/11 पुलिस स्मारक जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। हाल में पेरिस पर हुए 26/11 जैसे आतंकी हमले के बाद पूरी दुनिया में आतंकवाद को लेकर नए सिरे से बहस छिड़ी है।
माली के एक होटल पर आतंकवादी हमले में मरे 27 लोगों में भारतीय मूल की एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जान किरबी ने बताया कि कल के हमले में एकमात्र जिस अमेरिकी नागरिक की मौत हुई वह अनीता अशोक दातार (41) हैं। इन 27 लोगों की मौत के बाद माली में शोक की लहर है और देश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है। देश में 10 दिनों के लिए आपातकाल भी लगा दिया गया है।
आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली को 26/11 के मुंबई हमलों का आरोपी बनाया गया है। मुंबई सत्र न्यायलय (टाडा अदालत) ने मुंबई पुलिस की उसे आरोपी बनाने की याचिका पर यह फैसला सुनाया है। कोर्ट ने हेडली को समन भेजकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 10 दिसंबर को प्रस्तुत होने को कहा है।
फ्रांस और जर्मनी ने पहले हाफ के दौरान पेरिस के नेशनल स्टेडियम के बाहर दो भीषण धमाकों के बावजूद शुक्रवार को यहां मैत्री फुटबाल मैच पूरा खेला जिसमें मेजबान टीम ने विश्व चैंपियन को 2-0 से हराया। मैच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि ये धमाके भी कल शाम फ्रांसीसी राजधानी में कई जगहों पर हुए विस्फोटों और गोलीबारी का हिस्सा थे।
मिस्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स के विश्लेषण से बम हमले का संकेत मिला है। जांच टीम के सूत्रों ने यह जानकारी दी है। विश्लेषण के नतीजों के बाद रूस ने मिस्र के लिए उड़ानें रोक दी हैं।
कन्नड़ विचारक एमएम कलबुर्गी की हत्या सहित असहिष्णुता की घटनाओं पर चिंता जताते हुए वैज्ञानिकों के एक समूह ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से उपयुक्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकारों से मानवता विरोधी और सभ्यता विरोधी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील भी की है।