दिल्ली की एक अदालत ने फिल्म 'पीपली लाइव' के सह निर्देशक महमूद फारुकी को एक अमेरिकी महिला से बलात्कार के मामले में दोषी करार दिया है। फारूकी की सजा पर 2 अगस्त को अदालत फैसला करेगी।
दक्षिण कोरिया में एक अमेरिकी मिसाइल रोधी प्रणाली तैनात करने की वाशिंगटन और सियोल की घोषणा से नाराज उत्तर कोरिया ने कार्रवाई करने की धमकी दी है। दक्षिण कोरिया में यह तैनाती प्योंग्पांग के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए की जानी है।
भारतीय मूल के एक अमेरिकी भौतिकविद ने प्रकृति के मूल नियमों की जानकारी को आगे बढ़ाने के प्रति समर्पित एक केंद्र स्थापित करने के लिए कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय को 1.1 करोड़ डॉलर की राशि दान में दी है।
अमेरिका में दो नए चुनाव सर्वेक्षणों के मुताबिक इस साल होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी क्लिंटन अपने प्रतिद्वंदी डोनाल्ड ट्रंप से आगे निकल गई हैं।
बेंगलूरु स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी) और मुंबई, दिल्ली, मद्रास तथा कानपुर स्थित आईआईटी ने एशिया के शीर्ष 50 विश्वविद्यालयों की सूची में स्थान बनाया है। यह जानकारी 2016 के क्यूएस विश्वविद्यालय रैंकिंग में सामने आई है।
शिक्षा की गुणवत्ता में, खासकर स्कूली शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए एक विश्वविद्यालय स्थापित करने की संभावना तलाश रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि राष्टीय शिक्षा अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद :एनसीईआरटी: मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देशों पर शिक्षकों के एक विश्वविद्यालय की स्थापना पर अवधारणा नोट तैयार कर रहा है।
ओलंपियन अंजू बाबी जार्ज ने केरल के खेल मंत्री ईपी जयराजन पर कथित रूप से भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। जार्ज ने उन्हें अपमानित करने का भी आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने मामले पर जयराजन का समर्थन किया। नई सरकार के गठन के बाद चर्चा में रहे जयराजन ने इन आरोपों से इनकार किया है। इससे पहले जयराजन तब विवादों में घिर गये थे, जब उन्होंने महान चैम्पियन मुक्केबाज मोहम्मद अली को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें केरल का खिलाड़ी करार दे दिया था।
वैज्ञानिकों ने मनुष्य के डीएनए द्वारा प्रतिकृति बनाने और अपनी मरम्मत कर लेने से जुड़ी एक अहम गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल की है। डीएनए को हर किस्म के जीवन के लिए जरूरी माना जाता है।