Advertisement

पाकिस्तान का अरुंधति प्रेम

नक्सली और कश्मीर जैसे मुद्दों पर लगातार सरकार के विरोध का रुख रखने वालीं एक्टिविस्ट अरुंधति रॉय को स्वाभाविक रूप से दुनिया के उस हिस्से से समर्थन मिला है जिस हिस्से में भारत ‌का विरोध ही धर्म है। पाकिस्तान की एक राज्य असेंबली ने कश्मीर विवाद को हवा देने की एक और कोशिश के तहत रॉय को कश्मीर मुद्दे पर बातचीत का न्योता दिया है।
पाकिस्तान का अरुंधति प्रेम

पाकिस्तान की पंजाब असेंबली के सदस्य शेख अलाउद्दीन ने रॉय को कश्मीर घाटी में चल रही हिंसा पर बोलने के लिए आमंत्रित किया है।
डॉन ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब प्रांत के श्रम और मानव संसाधन मंत्री रजा अशफाक सरवर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि विदेश मंत्रालय की सलाह पर आगे का कदम उठाया जाएगा। मामले की शुरुआत पंजाब असेंबली के सत्ता पक्ष के सदस्य रमेश सिंह अरोड़ा के बयान से हुई। उन्होंने पाक के खिलाफ मनोहर पर्रिकर के बयान का मामला उठाया। उन्होंने पर्रिकर के बयान को खेदजनक बताते हुए विदेश मंत्रालय से पाकिस्तान में भारतीय दूत गौतम बंबवाले को बुलाने की मांग की है। अरोड़ा ने भारत सरकार पर कश्मीर में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि भारत पाकिस्तान पर झूठे आरोप लगा रहा है।

इसी दौरान अरुंधति रॉय को कश्मीर मुद्दे पर अपनी राय रखने के लिए बुलाए जाने का सुझाव आया जिसे सत्ता पक्ष ने मान लिया। पाकिस्तान की पंजाब असेंबली के दूसरे सदस्यों ने भी कश्मीर में भारत की भूमिका को लेकर आलोचना की है। पाकिस्तान लगातार कश्मीर को लेकर भारत पर निशाना साध रहा है। 9 जुलाई को हिजबुल के कमांडर बुरहान वानी के एनकाउंटर के बाद से ही कश्मीर में अशांति फैली हुई है। भारत इस अशांति के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहरा रहा है। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad