कोरोना वायरस का प्रकोप तेजी से दुनियाभर में फैलता जा रहा है। अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 6,849,579 हो गई है। जबकि इस संक्रमण के कारण 398,244 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 3,100,946 है और 3,748,633 लोग ठीक भी हो चुके हैं। दुनिया के करीब 76 फीसदी कोरोना के मामले सिर्फ 14 देशों से आए हैं। इन देशों में कोरोना पीड़ितों की संख्या 52 लाख है।
दुनिया में कहां कितने केस, कितनी मौतें
कोरोना ने सबसे ज्यादा कहर अमेरिका में बरपाया है। अमेरिका में 19 लाख से ज्यादा लोग अबतक कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। एक लाख 11 हजार से ज्यादा यहां मौतें हो चुकी हैं, लेकिन अब हर दिन ब्राजील में अमेरिका से ज्यादा कोरोना केस और मौतें दर्ज की जा रही हैं। पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 30,136 नए केस आए और 1,008 मौतें हुईं जबकि अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 25,273 नए केस आए और 971 मौतें हुई। ब्राजील में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ब्राजील के बाद रूस और भारत में संक्रमितों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ रही है।
अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 922 लोगों की मौत
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 922 मौतें हुईं, अमेरिका में कोरोना वायरस से होने वाली मौत का आंकड़ा 1,09,042 पर पहुंच गया है। वहीं, वर्ल्डोमीटर के मुताबिक अमेरिका में मौत का आंकड़ा शनिवार सुबह आठ बजे तक 1,11,390 पर पहुंच गया है।
| देश | केस | मौत | 
| अमेरिका | 1,965,588 | 111,386 | 
| ब्राजील | 646,006 | 35,047 | 
| रूस | 449,834 | 5,528 | 
| स्पेन | 288,058 | 27,134 | 
| यूके | 283,311 | 40,261 | 
| भारत | 236,184 | 6649 | 
| इटली | 234531 | 33774 | 
फिजी ने खुद को किया कोरोना मुक्त घोषित
प्रशांत महासागर में स्थित फिजी ने खुद को कोरोना वायरस से मुक्त घोषित कर दिया है। देश में संक्रमित मिले सभी 18 लोगों के ठीक होने के बाद उसने यह निर्णय लिया। प्रधानमंत्री फ्रैंक बैनिमारामा ने शुक्रवार को ट्विटर पर लिखा कि अंतिम संक्रमित मरीज भी ठीक हो गया है। हमारे यहां कोरोना संक्रमण की जांच की संख्या बढ़ा दी गई है।
14 देशों में एक लाख से ज्यादा केस
ब्राजील, रूस, स्पेन, यूके, इटली, भारत में कोरोना मामलों की संख्या दो लाख पार हो चुकी है। इनके अलावा सात देश ऐसे हैं जहां एक लाख से ज्यादा कोरोना केस हैं। अमेरिका समेत इन 14 देशों में कुल 52 लाख केस हैं। छह देश (अमेरिका, स्पेन, इटली, फ्रांस, ब्रिटेन, ब्राजील) ऐसे हैं, जहां 25 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में मौतों का आंकड़ा 1.11 लाख पार जा चुका है। चीन टॉप-17 संक्रमित देशों की लिस्ट से बाहर हो चुका है। वहीं भारत टॉप-6 देशों में शामिल हो गया है।
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    