Advertisement

नेपाल बस हादसा: 12 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत

हिमालयी देश के धादिंग जिले के नौबाइस गांव में एक बस पहाड़ी सड़क से करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार कम से कम 12 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। हादसा नेपाल में काठमांडो से 75 किलोमीटर की दूरी पर पूर्वी धादिंग जिले के नौबाइस गांव में हुआ।
नेपाल बस हादसा: 12 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत

पुलिस अधीक्षक बिश्वराज पोखारेल ने बताया कि गुजरात से करीब 45 भारतीय श्रद्धालुओं के जत्थे को लेकर भारतीय नंबर प्लेट वाली बस काठमांडो में पशुपतिनाथ मंदिर से भारत में गोरखपुर के लिए लौट रही थी। बिश्वराज पोखारेल ने बताया कि त्रिभुवन राजमार्ग पर घटनास्थल पर सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य जारी है।

घायल यात्रियों को चिकित्सकीय उपचार के लिए काठमांडो भेजा गया है। छह घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पोखारेल ने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि बस गहरी खाई जैसी जगह में फंसी है और कुछ यात्री भी बस में फंसे हो सकते हैं। प्रख्यात पशुपतिनाथ मंदिर का निर्माण पांचवी शताब्दी में किया गया था। भगवान पशुपति के इस मंदिर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इनमें से ज्यादातर श्रद्धालु भारत के होते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad