मध्य प्रदेश के मंदसौर में सियासत एक बार फिर उबाल पर है। गुरुवार को कई किसान संगठनों ने पुलिस फायरिंग में मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम रखा है। इस दौरान किसानों के मुद्दे पर योगेंद्र यादव सहित कई किसान नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मंदसौर में गिरफ्तार कर लिया गया है। वे अखिल भारतीय किसान संघर्ष-समन्वय समिति के बैनर तले 6 राज्यों में 12 दिनों की किसान मुक्ति यात्रा निकालने जा रहे थे जिसकी शुरुआत मंदसौर से हो रही थी।
लखनऊ पुलिस ने पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी समेत 31 दलित कार्यकर्ताओं को आज हिरासत में ले लिया। आरोप है कि ये लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सभा करने जा रहे थे।
अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के गुर्गे जुनैद चौधरी को दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। शकील ने उसे पाकिस्तान में जन्मे कनाडियन लेखक तारिक फतेह को उनकी विवादस्पद टिप्पणी को लेकर मारने की सुपारी दी थी।
सहारनपुर हिंसा के दौरान चर्चा में आए भीम सेना प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। दंगे के समय फरार चल रहे चंद्रशेखर की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के बाद हिमाचल के डलहौजी से हुई है।