मध्य प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष को जनवरी से दिसंबर तक करने का बड़ा निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सप्ताह राज्यों से कहा था कि वित्त वर्ष जनवरी-दिसंबर करने पर विचार करें। इस पर तत्परता दिखाते हुए वित्तीय वर्ष बदलने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा।
भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन सेंसेक्स ने अपने 31 वर्ष के सफर में 30 हजार के जादुई आकड़े को पार कर लिया है। इससे पहले सेंसेक्स ने मार्च 2015 और 5 अप्रैल 2017 में इस स्तर को पार किया था।
भारत की 101 साल की धाविका मन कौर ने उम्र को धता बताकर सोमवार को आकलैंड में विश्व मास्टर्स खेलों में 100 मीटर की फर्राटा दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। यह उनके करियर का कुल 17वां स्वर्ण पदक है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को मानसिक रुप से अनफिट और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन पर बदतमीज़ी का आरोप लगाने वाली बरखा सिंह को पार्टी ने 6 साल के लिए निकाल दिया है। बरखा सिंह ने गुरुवार को दिल्ली महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगी।
पिछले साल क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में रनों का अंबार लगाने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को विजडन क्रिकेटर्स अलमानैक ने वर्ष 2016 का विश्व का अग्रणी क्रिकेटर चुना है। वह वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर के बाद यह सम्मान हासिल करने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं।
पूर्व विश्व शतरंज चैम्पियन विश्वनाथन आनंद को भरोसा है कि 2016 में मिश्रित सफलता के बाद वह वापसी करने में सफल रहेंगे और उन्होंने कहा कि वह इस साल ग्रैंड चेस टूर और विश्व कप में हिस्सा लेंगे। ग्रैंड चेस टूर में इस साल पांच टूर्नामेंट होंगे।
शोध कंपनी आईडीसी के मुताबिक ग्राहक मांग कमजोर रहने के चलते वर्ष 2016 में डेस्कटॉप कंप्यूटरों पर्सनल कंप्यूटर की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 15.2 प्रतिशत कम रही।
कल नई दिल्ली में शुरू हुए साहित्य अकादेमी के सप्ताहकालीन साहित्योत्सव 2017 में आज शाम कमानी सभागार में हिंदी सहित देश की 24 भाषाओं से सम्मानार्थ चुने गए 24 लेखकों को साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2016 से सम्मानित किया जा रहा है। उत्सव का आरंभ संस्कृत विद्वान एवं साहित्य अकादेमी के महत्तर सदस्य प्रो सत्यव्रत शास्त्री ने अकादेमी की वार्षिक प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए किया। उन्होंने साहित्य अकादेमी अनुवाद पुरस्कार 2016 की घोषणा भी की।