गोवंश सुरक्षा को लेकर गुजरात विधानसभा ने एक नया कानून पारित किया है। इसके बाद गो हत्या करने वाले को उम्रकैद की सजा होगी। वहीं गो मांस मिलने पर सात से दस साल की सजा होगी। गो मांस के साथ पकड़े जाने पर एक लाख से पांच लाख का आर्थिक दंड भी लगाया जा सकता है।
धनबाद में कांग्रेस नेता और पूर्व उप महापौर नीरज सिंह पर हमलावरों ने दनादन 36 गोलियां दाग कर मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने स्पीड ब्रेकर का फायदा उठाते हुए गाड़ी के सामने से 26 गोलियां दागी। नीरज सामने की सीट पर ही बैठे थे और उन्हें 14 से ज्यादा गोलियां लगी। गोलीबारी के बाद परिजन नीरज सिंह को सेंट्रल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें दिवंगत घोषित कर दिया।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस मामले पर कानूनी राय लेंगे कि क्या उनके मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू टेलीविजन पर एक मशहूर कॉमेडी शो पर सेलिब्रिटी-जज बने रह सकते हैं या नहीं।
कांग्रेस के तेज-तर्रार नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की जीत वस्तुत: अकाली दल के बड़बोलेपन और अकाली दल के अहंकार की हार है और यहीं से देश में पार्टी के फिर से आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
महाराष्ट्र के सांगली में कन्या भ्रूण हत्या के एक दिल दहलाने वाले मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने यहां से 19 भ्रूण बरामद किये हैं। ये सभी भ्रूण लड़कियों के हैं, गर्भपात के बाद इन शवों को एक स्थानीय नाले के पास गाड़ दिया गया था।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि वह अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की हत्याओं से बेपरवाह हैं।
निर्भया कांड के पश्चात किशोर न्याय अधिनियम में किए गए संशोधन के बाद मध्यप्रदेश के झाबुआ की एक अदालत ने दो नाबालिगों को हत्या के आरोप में वयस्क की श्रेणी में रखा और उन्हें दोषी ठहराए जाने के बाद उम्रकैद की सजा सुनाई है।
व्हाइट हाउस ने कहा है कि कंसास से मिल रही प्रारंभिक खबरें चिंता पैदा करने वाली हैं, जहां स्पष्ट रूप से घृणा अपराध के मामले में एक भारतीय इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।