पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी मांगों को लेकर छठी बार हड़ताल पर है। एमसीडी ने कर्मचारियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए एस्मा लगाने की सिफारिश दिल्ली सरकार से की है। निगम कानून के तहत आम लोगों के हित में कर्मचारियों के खिलाफ बर्खास्तगी जैसी कार्रवाई व मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।
महाराष्ट्र में भाजपा व उसकी सहयोगी शिवसेना के बीच दूरियां बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफतौर पर कह दिया है कि भाजपा मध्यावधि चुनाव को तैयार है। अगर चुनाव हुआ तो भाजपा को अकेले बहुमत मिल जाएगा। कोई सरकार को अस्थिर करने की धमकी न दे। मुख्यमंत्री के इस बयान को शिवसेना नेता संजय राउत के बयान पर पलटवार माना जा रहा है। राउत ने कहा था कि जुलाई बाद सरकार मुसीबत में होगी।
दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में मध्यान्ह भोजन खाने से नौ छात्र बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। खबर है कि मिड डे मील में मरा हुआ चूहा था और वही खाना बच्चों को खिला दिया गया।
सरकार ने उप थल सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत को उनके दो वरिष्ठ अधिकारियों से आगे बढ़ाते हुए आज नया थल सेना प्रमुख नियुक्त किया और उप वायुसेना प्रमुख मार्शल बी. एस. धनोआ को भारतीय वायुसेना का नया प्रमुख बनाया गया।
तुर्की में साप्ताहिक खरीदारी के लिए सैनिकों को लेकर जा रही एक बस को निशाना बनाकर आज किए गए एक कार बम विस्फोट में 13 सैनिक मारे गए और दर्जनों जख्मी हो गए। इन सैनिकों को अनिवार्य तौर पर सेवा देने के नियम के तहत हाल ही में भर्ती किया गया था।
इस साल अभी तक स्माल कैप और मिडकैप शेयरों का प्रदर्शन ब्लूचिप कंपनियों से बेहतर रहा है। छोटी कंपनियों के शेयरों ने अभी तक साल के दौरान 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। साल के दौरान मिडकैप सूचकांक का प्रदर्शन ज्यादा बेहतर रहा है। यह 2,371.97 अंक या 21.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 13,515.05 अंक पर पहुंच गया है। वहीं स्माल कैप 11.98 प्रतिशत या।,419.22 अंक की बढ़त के साथ 13,255.93 अंक रहा है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना हुई। एक नर्स ने 20 रुपए नहीं मिलने पर मासूम को इंजेक्शन नहीं लगाया। जिसके बाद बच्चे की मौत हो गई। तेज बुखार के चलते मां मासूम को सरकारी अस्पताल ले गई थी। मौत की वजह रिश्वत न देने पर इंजेक्शन नहीं लगाने की बताई जा रही है।