बीजिंग में आज से शुरू हो रहे ‘बेल्ट एंड रोड फोरम’ (बीआरएफ) का भारत बहिष्कार करेगा। भारत की ओर से एक अधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत ऐसी परियोजना को स्वीकार नहीं कर सकता जो संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करता हो।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने आज उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। आयोग ने यह नोटिस इटावा जिले के अस्पताल से एंबुलेंस न मिलने पर अपने किशोर बेटे का शव कंधे पर ले जाने को मजबूर हुए एक मजदूर का मामला सामने आने पर दिया है।
पाक सुरक्षा बलों द्वारा भारतीय सैनिकों के शवों के साथ की गई बर्बरता पर पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने मांग की है कि सेना को पाकिस्तान पर कार्रवाई के लिए खुली छूट दी जाए।
पुणे जिले के इंदापुर में नाव पलटने से चार डॉक्टरों की मौत हो गई है। जिस दौरान यह हादसा हुआ उस समय नाव में 10 डॉक्टर मौजूद थे। स्थानीय नागरिकों और मछुआरों की मदद से अभी तक सिर्फ एक डॉक्टर का शव निकाला जा सका है। अन्य तीन की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है।
बिहार के सिरारी रेलवे स्टेशन के समीप एक मालगाड़ी की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे में मरने वालों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।
इस बार मजदूर दिवस पर झारखंड के श्रमिक ज्यादा नाराज दिखे। मनरेगा के तहत मिलने वाली राशि में मामूली बढ़ोत्तरी के विरोध में श्रमिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में मजदूरों ने पीएम मोदी को एक रूपए वापस करने की बात कही है।
पाकिस्तान के लाहौर शहर में एक आत्मघाती हमलावर ने बुधवार को सेना के एक वाहन के नजदीक खुद को उड़ा दिया। इस धमाके में चार जवान सहित छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।