राजस्थान में सामाजिक संगठनों द्वारा निकाली जा रही जवाबदेही यात्रा पर हमले की खबर है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह जिले झालावाड़ के अकलेरा में सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय व निखिल डे के साथियों पर कुछ लोगों ने हमला किया जिसमें करीब दर्जन भर कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। आरोप है कि यह हमला भाजपा विधायक कंवर लाल मीणा और उनके समर्थको ने किया।
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी पर अपने आदर्श राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि लोहिया जिंदा होते तो सपा मुखिया मुलायम को समाजवादियों की सूची से निकाल देते।
पंजाब के मुख्यमंत्राी प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत बादल कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद आज कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने अपने दल पीपुल्स पार्टी आॅफ पंजाब का भी कांग्रेस में विलय कर दिया है।
भ्रष्टाचार निरोधक निकाय लोकपाल के अध्यक्ष पद के लिए कुल 16 आवेदन आए हैं। आवेदन करने वालों में उच्चतम न्यायालय के तीन पूर्व न्यायाधीश के अलावा उच्च न्यायालय के एक पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने भी आवेदन किया है। इनके अलावा यूजीसी के एक पूर्व सदस्य और एक सूचना आयुक्त समेत कुल 16 लोगों ने लोकपाल के अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी जताई है। यह जानकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने सूची जारी कर दी है।
उच्चतम न्यायालय ने अरुणाचल प्रदेश में चल रहे राजनीतिक संघर्ष के संदर्भ में गुवाहाटी उच्च न्यायालय के कुछ आदेशों से संबंधित याचिकाओं को आज संविधान पीठ को सौंप दिया। न्यायमूर्ति जे.एस. खेहड़ और न्यायमूर्ति सी. नागप्पन की पीठ ने कहा कि यह मामला राज्यपाल, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अधिकारों के सांविधानिक प्रावधानों से संबंधित है। इसलिए इस पर वृहद पीठ द्वारा विचार की आवश्यकता है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पठानकोट वायु सेना स्टेशन में हुए आतंकी हमले का जवाब देने में एनएसजी कमांडो के उपयोग को एक गंभीर चूक बताया है। सिंह ने इस फैसले को लेने में अहम भूमिका निभाने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर भी सवाल उठाया है। साथ ही कांग्रेस नेता ने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली को भी कटघरे में खड़ा किया है।
उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में समाजवादी पार्टी के विरोध में खड़े चार विधायकों सहित कई नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
मशहूर हास्य कार्यक्रम 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में पलक का किरदार निभाने वाले हास्य कलाकार कीकू शारदा को गुरमीत राम रहीम का मजाक उड़ाना मंहगा पड़ गया। एक टीवी शो में गुरमीत राम रहीम की नकल उतारकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सोमवार को एक बयान में कहा है कि जो भी व्यक्ति या संगठन भारत को दर्द देगा, उसे उसी तरह का दर्द देना चाहिए लेकिन यह कैसे, कब और कहां होगा, वह भारत की पसंद के अनुरूप होना चाहिए। रक्षा मंत्री की यह टिप्पणी पठानकोठ आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में सामने आई है।